आज संपूर्ण विश्व भारत की प्रगति की सराहना कर रहा है: भाजपा नेता खेमचंद शर्मा | गणतंत्र दिवस समारोह

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (25 जनवरी 2025): दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्रतिष्ठित नौरंग हाउस में गणतंत्र दिवस 2025 के उपलक्ष्य में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रीय गान के साथ हुई। इसके बाद बच्चों और उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस के महत्व और इतिहास से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा नेता एवं वरिष्ठ टीवी पैनलिस्ट खेमचंद शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए “भारत माता की जय” के नारे लगाए और गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह 76वां गणतंत्र दिवस उन महान व्यक्तियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिनके बलिदान के कारण हम आज स्वतंत्र हैं।

भारत की प्रगति का उल्लेख

खेमचंद शर्मा ने कहा, पहले यूरोप और अमेरिका जैसे देश भारत को गरीब और सपेरों का देश मानते थे, लेकिन आज वही देश भारत की प्रगति की सराहना कर रहे हैं। अंतरिक्ष, अर्थव्यवस्था, विनिर्माण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में भारत ने अपनी पहचान बनाई है। कोविड महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों का तेजी से टीकाकरण किया, बल्कि अन्य देशों को भी दवाइयों की आपूर्ति कर अपनी काबिलियत साबित की।

उन्होंने जोर दिया कि गणतंत्र दिवस केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह आकलन करने का अवसर है कि 1950 से अब तक हमने क्या उपलब्धियां हासिल की हैं और किन क्षेत्रों में अभी प्रगति की जरूरत है।

 

दिल्ली सरकार पर सवाल और आगामी विधानसभा चुनाव

खेमचंद शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए दिल्ली सरकार पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा, दिल्ली में पिछले 10-11 सालों में यमुना नदी साफ नहीं हुई है। जो वादा किया गया था कि यमुना में नहाया जा सकेगा और उसका पानी पीने लायक बनेगा, वह अब तक पूरा नहीं हुआ। यमुना में सीधा 18 से अधिक नालों का गंदा पानी गिर रहा है। केंद्र सरकार ने 8000 करोड़ रुपये दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस काम नहीं हुआ। क्या यह सवाल नहीं पूछना चाहिए कि यमुना कब साफ होगी?

उन्होंने वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए कहा, दिल्ली की हवा साल दर साल खराब हो रही है। नवंबर-दिसंबर में लोगों को सांस लेने में दिक्कत होती है। बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियां बढ़ रही हैं। क्या यह जिम्मेदारी सरकार की नहीं है कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करे?

शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, दिल्ली सरकार ने 20-25 नए कॉलेज बनाने का वादा किया था, लेकिन अब तक एक भी नया कॉलेज नहीं बना। स्कूलों में शिक्षक और विषयों की भारी कमी है। बच्चों को महंगे ट्यूशन का सहारा लेना पड़ रहा है। यह स्थिति क्यों है?

जनता से सवाल पूछने का आग्रह

खेमचंद शर्मा ने युवाओं को जागरूक करते हुए कहा, यह जरूरी नहीं है कि आप मेरी पार्टी को वोट दें। लेकिन आप खुद से और अपने दोस्तों, परिवार और रिश्तेदारों से यह सवाल जरूर पूछें कि क्या दिल्ली में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति सुधरी है? क्या वादों के अलावा सरकार ने कुछ ठोस काम किया है? दिल्ली के सड़कों की हालत, पानी की समस्या और अन्य बुनियादी मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, एक मिडिल क्लास व्यक्ति, टैक्स पेयर और प्रोफेशनल के रूप में आपका भी सिस्टम में योगदान है। आप सोशल मीडिया के माध्यम से अपने विचार व्यक्त करें और सही सरकार चुनने में अपनी भूमिका निभाएं। यह जरूरी है कि हम ऐसी सरकार चुनें, जो वादे नहीं, बल्कि काम करे।

गणतंत्र दिवस का महत्व

कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण और शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। खेमचंद शर्मा ने कहा, गणतंत्र दिवस भारतीय लोकतंत्र और संविधान का प्रतीक है। यह दिन देश की आजादी और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर है।

नौरंग हाउस, अपनी भव्यता और ऐतिहासिक आयोजनों के लिए प्रसिद्ध है, जहां हर साल गणतंत्र दिवस का उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।