मानवता की मिसाल बनी दनकौर पुलिस, भटके अस्वस्थ युवक को सुरक्षित घर पहुंचाया

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (03/04/2026): जनपद गौतमबुद्ध नगर के दनकौर क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। दनकौर कोतवाली की मिशन शक्ति टीम ने भटकते हुए मिले एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सुरक्षित रखकर उसके परिवार तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। लंबे समय बाद बेटे को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और इस पहल की प्रशंसा की।

जानकारी के अनुसार यह घटना बीते मंगलवार की है। नियमित चेकिंग के दौरान दनकौर कस्बे में तैनात महिला उपनिरीक्षक काजोल भदौरिया अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। उनके साथ महिला कांस्टेबल मीनू राणा और कृष्णा भी मौजूद थीं। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर एक युवक पर पड़ी, जो संदिग्ध हालत में इधर-उधर भटकता दिखाई दे रहा था।

पुलिस ने जब आसपास के लोगों से जानकारी ली तो स्थानीय निवासियों ने बताया कि युवक कई दिनों से क्षेत्र में घूमता दिखाई दे रहा है और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने युवक को अपने संरक्षण में लिया और उसे मिशन शक्ति केंद्र ले जाया गया, जहां उसे सुरक्षित वातावरण में बैठाकर शांत कराया गया।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने धैर्यपूर्वक युवक से बातचीत कर उसकी पहचान जानने का प्रयास किया। काफी समझाने और काउंसलिंग के बाद युवक ने अपना नाम अजीत बताया और बिहार के थाना हरलाखी क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए दनकौर पुलिस ने तुरंत बिहार के हरलाखी थाना से संपर्क स्थापित किया और युवक के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। वहां की पुलिस की मदद से युवक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई। सूचना मिलने के बाद युवक के पिता रामौतार को दनकौर बुलाया गया। गुरुवार को दनकौर कोतवाली में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने युवक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। कई दिनों से लापता बेटे को सुरक्षित देखकर पिता भावुक हो गए और उन्होंने दनकौर पुलिस तथा मिशन शक्ति टीम का दिल से धन्यवाद किया।

परिजनों ने बताया कि अजीत कुछ समय पहले अचानक घर से निकल गया था और तब से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल रही थी। ऐसे में पुलिस की तत्परता से उन्हें बड़ी राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस संवेदनशील और मानवीय पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह कदम समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी और सेवा भाव को दर्शाता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।