“लाइट्स, कैमरा, दिल्ली!”- इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली 2026 का भव्य आगाज़

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (25 मार्च 2026): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 का भव्य उद्घाटन करते हुए राजधानी को वैश्विक फिल्म हब बनाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित देश-विदेश से आए फिल्मकार, कलाकार और सांस्कृतिक जगत की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिल्ली के लिए ऐतिहासिक क्षण है, जब राजधानी वैश्विक सिनेमा (Global Cinema) के मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सदियों से कला, संस्कृति और रचनात्मकता (Creativity) का केंद्र रही है और IFFD 2026 उसी विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का नहीं बल्कि सपनों, संवेदनाओं और कहानियों का उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

कार्यक्रम के दौरान आईएफएफडी पर आधारित विशेष ऑडियो-विजुअल फिल्म प्रदर्शित की गई, जिसमें भारतीय सिनेमा की यात्रा और महोत्सव की परिकल्पना को दर्शाया गया। रेड कार्पेट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गाला प्रीमियर (Gala Premiere) और लाइव परफॉर्मेंस के माध्यम से भारतीय सिनेमा की समृद्ध परंपरा को भव्य रूप में प्रस्तुत किया गया। उद्घाटन समारोह के अंत में फिल्म “SIRÂT” की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से दिल्ली अब वैश्विक फिल्म मैप (Global Film Map) पर अपनी जगह बना रही है और मुंबई, पुणे और गोवा जैसे प्रमुख फिल्म केंद्रों के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार इस महोत्सव को दीर्घकालिक सांस्कृतिक परियोजना (Cultural Project) के रूप में विकसित कर रही है, जिससे फिल्म पर्यटन (Film Tourism) को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।

कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली राजधानी की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली अब प्रशासनिक राजधानी के साथ-साथ कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रही है।

कार्यक्रम में शर्मिला टैगोर, कंगना रनौत, हेमा मालिनी, विवेक ओबेरॉय, अर्जुन कपूर, निमरत कौर, विक्की कौशल, अरविंद स्वामी, मधुर भंडारकर, सुदीप्तो सेन, सान्या मल्होत्रा और सिद्धांत चतुर्वेदी सहित कई फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया।

25 मार्च से 31 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में 125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की स्क्रीनिंग, मास्टरक्लास (Masterclass), पैनल चर्चा (Panel Discussion), CineXchange फिल्म मार्केट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही AI in Filmmaking, महिला फिल्मकारों के लिए “Her Lens” कार्यक्रम और क्लासिक फिल्म “शोले (Restored)” की विशेष स्क्रीनिंग भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

दिल्ली के भारत मंडपम के अलावा साकेत, वसंत कुंज, द्वारका, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, पीतमपुरा और कौशांबी सहित विभिन्न PVR सिनेमाघरों में भी पूरे सप्ताह फिल्म स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।