“गिद्धों के मनाने से गाय नहीं मरती”: कपिल मिश्रा का केजरीवाल पर तीखा हमला!

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (25 मार्च 2026): विधानसभा परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगाने और भविष्यवाणियाँ करने से सच्चाई नहीं बदलती। कपिल मिश्रा ने कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल से केवल इतना कहना चाहता हूँ कि गिद्धों के मनाने से गाय नहीं मरा करतीं। लोगों के कहने भर से कोई सच्चाई नहीं बदल जाती। पिछले 25 वर्षों से ऐसे लोग छाती पीट-पीटकर रो रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कद और जनता का विश्वास लगातार बढ़ता गया है।”

कपिल मिश्रा ने केजरीवाल के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने दावा किया था कि उन्हें सात जन्म तक कोई हरा नहीं सकता, लेकिन दिल्ली की जनता ने अगले ही दिन उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि अब पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की स्थिति कमजोर हो रही है और मंत्रियों के भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही पंजाब से भी आम आदमी पार्टी सत्ता से बाहर होगी।

कैबिनेट मंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि केजरीवाल उन्हें अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई नेता इस तरह की भाषा और व्यवहार पर उतर आता है तो यह संकेत होता है कि उसकी राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है।

कपिल मिश्रा ने विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का महत्वपूर्ण स्थान होता है, लेकिन वर्तमान में विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बजट सत्र जैसे महत्वपूर्ण समय में भी सदन के भीतर चर्चा करने के बजाय बाहर शोर मचाकर चला गया।

उन्होंने विपक्षी नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे सदन में आकर अपनी बात रखें। कपिल मिश्रा ने कहा कि विधानसभा सभी के लिए है और जब भी सदन चले, विपक्ष को आकर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार अनावश्यक आलोचना नहीं करेगी, लेकिन सच्चाई सामने रखती रहेगी और विपक्ष से अपील है कि वे संवाद के जरिए दिल्ली के विकास में सहयोग करें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।