गैस और तेल की कालाबाजारी रोकने के लिए पूर्व सैनिकों का संकल्प, जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (22/03/2026): राष्ट्रिय सैनिक संस्था की गाजियाबाद इकाई द्वारा मोडल टाउन ईस्ट स्थित मुख्यालय में पूर्व सैनिकों (गौरव सेनानियों) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के चलते उत्पन्न तेल और गैस संकट पर विस्तार से चर्चा करते हुए कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया गया।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर चक्र से सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शहीद सैनिकों के परिवारों का सम्मान करना या प्रारंभिक सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में फैल रही कुरीतियों को समाप्त करना भी है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के कारण तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका असर आम लोगों पर पड़ रहा है। इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन के लिए हर स्तर पर निगरानी रखना संभव नहीं है, ऐसे में समाज के जिम्मेदार नागरिकों को आगे आकर सहयोग करना होगा। संस्था के जिला सचिव चन्दन सिंह और गणेश दत्त ने भी बैठक में कहा कि पूर्व सैनिक अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहेंगे और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना तुरंत प्रशासन को देंगे।

बैठक में लेफ्टिनेंट वी.पी. शर्मा, धीरेन्द्र त्रिपाठी, जिले सिंह समेत अन्य सदस्यों ने आम जनता से अपील की कि गैस और तेल के दामों में मामूली उतार-चढ़ाव को लेकर सड़कों पर उतरने की आवश्यकता नहीं है। यह समस्या केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के सामने है। उन्होंने लोगों को संयम बरतने और अनावश्यक घबराहट से बचने की सलाह दी।

सदस्यों ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय खाद्यान्न संकट के दौरान उनके एक समय भोजन छोड़ने के आह्वान पर पूरे देश ने एकजुट होकर सहयोग किया था, जिससे समस्या का समाधान संभव हुआ था। इसी प्रकार वर्तमान परिस्थितियों में भी सामूहिक धैर्य और सहयोग आवश्यक है।

बैठक में उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने एक स्वर में कहा कि जब वे सेना में थे, तब देश की सीमाओं की रक्षा करते थे और अब नागरिक जीवन में समाज की समस्याओं से लड़कर समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी को तेल और गैस संकट के मुद्दे को गंभीरता से उठाने के लिए पूर्व सैनिकों द्वारा सम्मानित भी किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में गौरव सेनानी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।