अरविंद केजरीवाल ने मुझपर हमला कराया: राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 जनवरी 2025): आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मालीवाल ने दावा किया है कि केजरीवाल ने ही उनके खिलाफ हिंसा को अंजाम दिलवाया था। उन्होंने कहा कि उन्हें अब पूरा यकीन हो गया है कि केजरीवाल ने अपने करीबी सहयोगी बिभव कुमार से उनके साथ मारपीट कराई।

‘बिभव कुमार को बचाने में जुटे हैं केजरीवाल’

स्वाति मालीवाल ने एएनआई से बातचीत में कहा, “बिभव कुमार वही व्यक्ति है जिसने मुझे अरविंद केजरीवाल के ड्रॉइंग रूम में घसीटकर बेरहमी से पीटा। अब वह पंजाब सरकार से जेड प्लस सुरक्षा पा रहा है। यह इसलिए है ताकि वह चुप रहे और सच उजागर न करे। अगर बिभव कुमार ने मुंह खोल दिया, तो वह दुनिया को बता देगा कि उसे केजरीवाल ने मेरे खिलाफ हिंसा के लिए उकसाया था।”

‘केजरीवाल के इशारे पर सब हो रहा है’

मालीवाल ने आरोप लगाया कि बिभव कुमार को पंजाब सरकार में विशेष सलाहकार बनाया गया है और उसे कैबिनेट मंत्री से भी अधिक वेतन और सुविधाएं दी जा रही हैं। “पंजाब के मुख्यमंत्री का यह ‘सलाहकार’ किस तरह की सलाह देता होगा? क्या यह कि महिलाओं को कैसे पीटा जाए? यह व्यक्ति सुप्रीम कोर्ट की नजरों में भी गुंडा है, फिर भी उसे इतनी ताकत दी जा रही है। पंजाब के चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी तक उसे रिपोर्ट करते हैं।”

‘नामी वकीलों की फौज से बिभव को बचा रहे हैं’

मालीवाल ने बताया कि वह अपने केस की लड़ाई अकेले लड़ रही हैं, जबकि केजरीवाल ने बिभव कुमार को बचाने के लिए देश के बड़े वकीलों की टीम खड़ी कर दी है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसा क्या है जो केजरीवाल बिभव कुमार को नाराज नहीं करना चाहते? “अगर उनके बीच कोई गुप्त समझौता नहीं है, तो क्यों बिभव को इतनी सुविधाएं दी जा रही हैं?”

‘सबसे बुजुर्ग सांसद से कोठी खाली कराई’

स्वाति मालीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली के सबसे बुजुर्ग राज्यसभा सांसद एनडी गुप्ता को सरकारी कोठी से निकालकर वह कोठी बिभव कुमार को दी गई। “यह सब दिखाता है कि अरविंद केजरीवाल किसी भी हद तक जाकर बिभव कुमार को बचाना चाहते हैं।”

स्वाति मालीवाल के इन गंभीर आरोपों ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की छवि पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।