स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग तेज, वीवो कंपनी के बाहर महापंचायत का ऐलान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/03/2026): यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने की मांग को लेकर किसान संगठनों की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। इसी कड़ी में रविवार को चक जलालाबाद गांव में किसान एकता संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और संगठन से जुड़े लोगों ने भाग लिया। बैठक में आगामी 30 मार्च को वीवो कंपनी के बाहर महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया और क्षेत्र के लोगों से इसमें भारी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार बड़ी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं, लेकिन इन कंपनियों में स्थानीय युवाओं को अपेक्षित अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगों के विस्तार के बावजूद क्षेत्र के किसानों के परिवारों के युवाओं को रोजगार के मामले में दरकिनार किया जा रहा है, जिससे उनमें निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।
सोरन प्रधान ने कहा कि किसानों की जमीनों पर उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं, इसलिए सबसे पहले रोजगार का अधिकार भी यहीं के युवाओं को मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान एकता संघ इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रहा है और जब तक स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तब तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 30 मार्च को वीवो कंपनी के बाहर होने वाली महापंचायत में क्षेत्र के किसान, युवा और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनियों और संबंधित प्रशासनिक तंत्र ने इस मांग को गंभीरता से नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कुंदन सिंह ने की, जबकि संचालन वीके चौधरी ने किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कई नए लोगों को सदस्यता भी दिलाई गई और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संगठन ने टिंकू सिंह को जिला सचिव, हरिश्चंद को ग्राम संरक्षक तथा अनिल सिंह को ग्राम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। इसके अलावा रोबिन सिंह, रिंकू सिंह और पिंटू सिंह समेत कई युवाओं को जिला कार्यकारिणी में शामिल किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि स्थानीय युवाओं को उद्योगों में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाता है तो इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने सभी ग्रामीणों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की।
बैठक में सोरन प्रधान, श्रीकृष्ण बैसला, उम्मेद एडवोकेट, पप्पे नागर, जेपी नागर, सतीश कनारसी, विक्रम नागर, अनिल नागर, जीतन नागर, रोहित गौतम, अकरम खान, फरमान अली, सलेक भाटी, नानक चंद, डॉ. सुरेश और मोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।