National News (16 March 2026): ओडिशा के कटक में स्थित SCB Medical College and Hospital में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के इमरजेंसी विभाग के ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी इस आग में 10 मरीजों की मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब 2:30 बजे अस्पताल की पहली मंजिल पर हुई, जब अचानक आईसीयू से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के परिजन तथा स्टाफ घबराकर बाहर निकलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल की फायर यूनिट तुरंत सक्रिय हुई और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
हादसे के बाद मौके पर दमकल विभाग की कई टीमें पहुंचीं और तीन फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर आईसीयू में भर्ती मरीजों को तुरंत बाहर निकाला गया और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को दूसरे वार्ड और न्यू मेडिसिन आईसीयू में शिफ्ट किया गया। बचाव कार्य के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और सुरक्षाकर्मियों ने मरीजों को सुरक्षित निकालने के लिए जान जोखिम में डाल दी। इस दौरान अस्पताल के 11 कर्मचारी झुलसकर घायल भी हो गए, जिनका इलाज जारी है। राहत और बचाव कार्य के दौरान अस्पताल के आसपास की मुख्य सड़क को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था ताकि एंबुलेंस और दमकल वाहनों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।
घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और अधिकारियों के साथ राहत कार्य की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है और मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हादसे के समय ट्रॉमा आईसीयू और आसपास के वार्डों में कुल 23 मरीजों का इलाज चल रहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के दौरान पहले सात मरीजों की मौत हुई, जबकि बाद में इलाज के दौरान तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया। उन्होंने इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने के आदेश भी दिए हैं ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। सरकार ने यह भी कहा कि राज्य में अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस वित्तीय वर्ष में 420 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है और आने वाले वित्तीय वर्ष में भी इसके लिए 400 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना पर देशभर के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। दूसरी ओर कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।