सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा: लक्ष्य पूरा करने के निर्देश- राकेश सचान, कैबिनेट मंत्री, यूपी सरकार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (14/03/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम, खाद्य एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान ने “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान” की समीक्षा बैठक की। इस दौरान अभियान की प्रगति और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मुरादाबाद, सहारनपुर और मेरठ मंडल के अधिकारियों तथा बैंक प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक की। बैठक में योजना की प्रगति, बैंकिंग सहयोग और लंबित आवेदनों की स्थिति पर चर्चा की गई।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान 24 जनवरी से लागू किया गया है। इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष में प्रदेश के 1 लाख 50 हजार युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक प्रदेश भर में लगभग 1 लाख 22 हजार 500 युवाओं को ऋण वितरित किया जा चुका है।
मुरादाबाद, सहारनपुर और मेरठ मंडलों के लिए 27 हजार ऋण का लक्ष्य तय किया गया था। इनमें से लगभग 19 हजार युवाओं को ऋण दिया जा चुका है, जबकि करीब 8 हजार ऋण का लक्ष्य अभी शेष है। मंत्री ने अधिकारियों और बैंकर्स को निर्देश दिया कि शेष लक्ष्य को मार्च माह के अंत तक पूरा किया जाए।
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि कई बैंकों द्वारा बिना ठोस कारण के युवाओं के आवेदन निरस्त किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने विशेष रूप से निजी बैंकों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कहा कि सरकारी संस्थाओं की बड़ी राशि इन बैंकों में जमा है, इसके बावजूद यदि बैंक योजना में सहयोग नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो बैंक योजना में सहयोग नहीं करेंगे, उनसे सरकारी जमा राशि वापस लेने और अन्य आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।
मंत्री राकेश सचान ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज और बिना गारंटी के दिया जा रहा है। इस ऋण की गारंटी राज्य सरकार द्वारा ली जा रही है। इसके साथ ही लाभार्थियों को विभाग की ओर से 10 प्रतिशत मार्जिन मनी भी दी जा रही है।
योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने के लिए प्रत्येक जनपद में ‘सीएम युवा फेलो’ अधिकारियों की तैनाती की गई है। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी के माध्यम से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं को योजना में विशेष प्रोत्साहन दिया गया है। महिला लाभार्थियों के लिए मार्जिन मनी को बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की अन्य योजनाओं में महिलाओं को ब्याज में 60 प्रतिशत तक की छूट तथा सूक्ष्म इकाइयों के लिए 25 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
बैठक में संबंधित मंडलों के अधिकारी और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।