दिल्ली में नकली एनसीईआरटी किताबों के रैकेट का पर्दाफाश: 5 हजार से अधिक किताबें बरामद

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (14 March 2026): राजधानी दिल्ली में नकली स्कूली किताबों के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए शाहबाद दौलतपुर इलाके में एक गोदाम पर छापा मारा और वहां से कक्षा 1 से 12 तक की 5011 नकली एनसीईआरटी किताबें बरामद कीं। पुलिस ने मौके से गोदाम मालिक अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम को 12 मार्च को सूचना मिली थी कि शाहबाद दौलतपुर गांव के एक गोदाम में बड़ी मात्रा में NCERT की नकली किताबें रखी गई हैं और वहां से उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारकर हजारों पाइरेटेड किताबें जब्त कीं।

छापेमारी के दौरान एनसीईआरटी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि गोदाम में रखी सभी किताबें पाइरेटेड यानी नकली हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 47/26 दर्ज की गई। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता, कॉपीराइट एक्ट और ट्रेडमार्क एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और वर्ष 2003 में दिल्ली आया था। उसने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से स्नातक किया और बाद में इग्नू से एमए की पढ़ाई की। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता न मिलने के बाद उसने वर्ष 2022 से नकली एनसीईआरटी किताबों का कारोबार शुरू कर दिया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पहले भी इस तरह के दो मामलों में शामिल रह चुका है। अब क्राइम ब्रांच पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली किताबों की छपाई कहां हो रही थी तथा उन्हें किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।