कांस्टीट्यूशन क्लब में ‘टेन टॉक्स’ का शानदार आयोजन, विद्वान वक्ताओं ने साझा किए अपने विचार
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (13/03/2026): अग्रणी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म “टेन न्यूज़ नेटवर्क” द्वारा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और निष्पक्ष रूप से सामने लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार, 10 मार्च को गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सहयोग से दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में एक विशेष ज्ञानवर्धक टॉक शो “टेन टॉक्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, कानून, समाज सेवा और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और राज्यसभा सांसद पी. विल्सन उपस्थित रहे। सभी मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच से देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।
राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है और उसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मीडिया को निष्पक्ष रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज कई बड़े मीडिया संस्थान कॉरपोरेट नियंत्रण में हैं, जिसके कारण कई बार आम लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दे पीछे छूट जाते हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया के प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आज सूचना का प्रवाह बहुत तेज हो गया है, लेकिन हर जानकारी सही नहीं होती। उन्होंने ‘व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी’ और ‘फेसबुक यूनिवर्सिटी’ जैसे उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने समाज में संवाद, सहिष्णुता और कूटनीति के महत्व पर भी जोर दिया।

सांसद अवधेश प्रसाद ने टेन टॉक्स कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए सम्मानित और मेधावी लोगों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें भी इस कार्यक्रम में बुलाकर सम्मानित किया गया, जिसके लिए उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे, जिन्हें उन्होंने ध्यानपूर्वक सुना।
उन्होंने कहा कि उनका जन्म और शिक्षा प्रभु श्री राम की धरती अयोध्या में हुई है और वहां के मतदाताओं के समर्थन से उन्हें सामान्य सीट से चुनाव लड़ने और जीतने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद उन्होंने यह संकल्प लिया है कि प्रभु श्री राम की मर्यादा के अनुसार कार्य करेंगे और “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की भावना के साथ समाज को खुशहाल बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी देश की असली संपत्ति उसके लोग और प्रतिभाएं होती हैं, इसलिए प्रतिभाशाली लोगों का सम्मान किया जाना बेहद आवश्यक है।
पी. विल्सन (राज्यसभा सांसद) ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है और इसलिए उसकी जिम्मेदारी है कि वह जनता तक निष्पक्ष, सटीक और बिना किसी पक्षपात के खबरें पहुंचाए। उन्होंने कहा कि दर्शकों और पाठकों को देश में हो रही घटनाओं की सही जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि वे तथ्यों के आधार पर अपनी राय बना सकें।
पी. विल्सन ने कहा कि समाचार संस्थानों की विश्वसनीयता उनके सत्य और निष्पक्षता के प्रति समर्पण से तय होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टेन न्यूज़ नेटवर्क तथ्यात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता को आगे बढ़ाते हुए जनता तक सही जानकारी पहुंचाने का कार्य जारी रखेगा।
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. आदिश सी. अग्रवाला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गजानन माली ने बाहर से आकर दिल्ली में एक न्यूज़ चैनल खड़ा किया और कम समय में उसे मजबूत पहचान दिलाई, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता ए.पी. सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि वे ऐसे वकील हैं जो अपने मुवक्किलों की सुरक्षा और पक्ष रखने के लिए अदालत में मजबूती से खड़े रहते हैं और बिना किसी दबाव के अपने तर्क अदालत के सामने रखते हैं।
उन्होंने राज्यसभा सांसद पी. विल्सन का जिक्र करते हुए कहा कि वे संसद सदस्य होने के साथ-साथ तमिलनाडु में भारत सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल और तमिलनाडु के एडवोकेट जनरल के रूप में भी काम कर चुके हैं। डॉ. अग्रवाला ने अपने पत्रकारिता अनुभव का भी उल्लेख करते हुए बताया कि वे 11 वर्षों तक एक पत्रिका के संपादक रहे और उन्हें कई प्रधानमंत्रियों के साक्षात्कार लेने का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने गजानन माली द्वारा शुरू किए गए नए संस्करण की चर्चा करते हुए इसे मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस विशेष कार्यक्रम में प्रोफेसर रूबी मिश्रा (प्राचार्य, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. आदिश सी अग्रवाला (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. खुशबू सिंह (हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्य फैशन), आनंदिता बासु (क्विज मास्टर), सुश्री रुचिका आर. शर्मा (प्रसिद्ध ज्योतिषी), डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया'(प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान), प्रोफेसर सविता झा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सामाजिक कार्यकर्ता), ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि (संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान), मेजर डॉ. प्राची गर्ग (एमसी एवं कारगिल योद्धा), पुरुषोत्तम बिहारी (चिंतक व लेखक) तथा आलोक द्विवेदी (वरिष्ठ पत्रकार एवं अध्यक्ष, नोएडा मीडिया क्लब) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त अनुभवों, संघर्षों और सफलता की प्रेरक यात्राओं को साझा किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, कानून, मीडिया, संस्कृति और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्र किस प्रकार विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

TEN TALKS | Ten Minutes | Ten Domains | Conversations with inspiring leaders | TEN NEWS NETWORK | Photo Highlights
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।