फेक न्यूज़ और गलत सलाह से सावधान रहें : रवि जाधव, अध्यक्ष, मुंबई बार एसोसिएशन | Ten Talks
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (11/03/2026): अग्रणी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म “टेन न्यूज़ नेटवर्क” द्वारा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और निष्पक्ष रूप से सामने लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार, 10 मार्च को गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सहयोग से दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में एक विशेष ज्ञानवर्धक टॉक शो “टेन टॉक्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, कानून, समाज सेवा और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और राज्यसभा सांसद पी. विल्सन उपस्थित रहे। सभी मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच से देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुंबई सिटी सिविल एंड सेशन कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि जाधव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और आज के डिजिटल युग में फैल रही गलत सूचनाओं के खतरों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि भारत की नालंदा और तक्षशिला जैसी प्राचीन शिक्षण परंपराएं हजारों वर्षों से ज्ञान का केंद्र रही हैं और आज भी दुनिया भर में भारतीय ध्यान पद्धतियों और दर्शन की चर्चा होती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बुद्ध धर्म की विपश्यना साधना आज पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया सहित विश्व के कई देशों में प्रचलित है। इसी तरह ओशो के नाम से प्रसिद्ध प्रोफेसर रजनीश ने भी भारतीय दर्शन और तर्कशास्त्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई।
रवि जाधव ने कहा कि आज इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में लोगों को किसी भी जानकारी पर आंख बंद करके विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजकल इंटरनेट पर मिसइन्फॉर्मेशन, डिसइन्फॉर्मेशन और फेक न्यूज़ की भरमार है, जो कई बार लोगों के लिए गंभीर समस्या बन सकती है।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि कई लोग इंटरनेट या सोशल मीडिया पर बिना प्रमाण वाले लोगों की सलाह पर भरोसा कर लेते हैं। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति ने दांत दर्द के इलाज के लिए इंटरनेट पर खोज की और किसी तथाकथित विशेषज्ञ या सोशल मीडिया रील में बताए गए घरेलू उपाय को अपनाया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई और अंततः गंभीर परिणाम सामने आए।
उन्होंने कहा कि इसी तरह कानून से जुड़े मामलों में भी सोशल मीडिया या इंटरनेट पर अधूरी और गलत जानकारी दी जाती है, जिससे लोगों में भ्रम पैदा होता है। कई बार लोग यह समझ लेते हैं कि वारंट जारी होते ही तुरंत गिरफ्तारी हो जाती है, जबकि कानून में अलग-अलग प्रकार के वारंट होते हैं जैसे बेल योग्य और गैर-बेल योग्य वारंट, जिनकी प्रक्रिया अलग होती है।
रवि जाधव ने कहा कि ऐसे मामलों में लोगों को हमेशा योग्य और अनुभवी विशेषज्ञों से सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह और डॉ. आदिश अग्रवाला का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में कई महत्वपूर्ण कानूनी कार्य आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में जहां भी वकीलों पर हमले होते हैं या उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है, वहां वे स्वयं आगे बढ़कर पुलिस प्रशासन और न्यायिक संस्थानों के समक्ष उनकी आवाज उठाने का प्रयास करते हैं। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सभी को धन्यवाद देते हुए ‘भारत माता की जय’ के नारे के साथ अपनी बात समाप्त की।
इस विशेष कार्यक्रम में प्रोफेसर रूबी मिश्रा (प्राचार्य, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. आदिश सी. अग्रवाला (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. खुशबू सिंह (हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्य फैशन), आनंदिता बासु (क्विज मास्टर), सुश्री रुचिका आर. शर्मा (प्रसिद्ध ज्योतिषी), डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया’ (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान), प्रोफेसर सविता झा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सामाजिक कार्यकर्ता), ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि (संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान), मेजर डॉ. प्राची गर्ग (एमसी एवं कारगिल योद्धा), पुरुषोत्तम बिहारी (चिंतक व लेखक) तथा आलोक द्विवेदी (वरिष्ठ पत्रकार एवं अध्यक्ष, नोएडा मीडिया क्लब) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त अनुभवों, संघर्षों और सफलता की प्रेरक यात्राओं को साझा किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, कानून, मीडिया, संस्कृति और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्र किस प्रकार विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उम्मीद जताई कि “टेन टॉक्स” जैसे संवादात्मक मंच समाज में सकारात्मक विचार-विमर्श को बढ़ावा देंगे और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा में प्रेरित करने का कार्य करेंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।