New Delhi News (12 March 2026): पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से मटियाला गांव स्थित मछली मार्केट के पास बड़ी संख्या में झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 300 से 400 झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। देर रात लगी इस आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए झुग्गियों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आग लगने की सूचना दमकल विभाग को रात करीब 11:54 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। शुरुआत में दो वाटर टेंडर, एक बीएफटी और तीन वाटर बाउजर भेजे गए थे, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बाद में लगातार और गाड़ियां भेजी गईं। कुल मिलाकर दमकल विभाग की नौ वाटर टेंडर, आठ वाटर बाउजर, दो बीएफटी, दो मोटर पंप, एक हाई टेंडर और अन्य उपकरणों के साथ कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक रात करीब 12:30 बजे आग को “मीडियम कैटेगरी” की घोषित किया गया। डीसीएफओ ए.के. मलिक और डीओ संदीप दुग्गल समेत कई अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य चलाया गया। दमकल कर्मियों की करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को चारों तरफ से घेर लिया गया और लगभग 2:30 बजे उस पर काबू पा लिया गया। इसके बाद तड़के तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया ताकि आग दोबारा न भड़क सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस आग में करीब 400 झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा कई दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि झुग्गियों के पास जमा कूड़े के ढेर में किसी ने जलती हुई सिगरेट या बीड़ी फेंक दी, जिससे आग फैल गई।
इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की। पुलिस हेड कांस्टेबल रामरतन के अनुसार आग एक खड़ी कार के बेहद करीब पहुंच गई थी। स्थिति को देखते हुए उन्होंने और अन्य लोगों ने पत्थर से कार का शीशा तोड़कर उसे वहां से हटाया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।