यूजीसी नियमों के विरोध में सवर्ण समाज का प्रदर्शन, रामलीला मैदान व जंतर-मंतर पर जुटे हजारों युवा

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (08 March 2026): यूजीसी के नए नियमों के विरोध में रविवार को सवर्ण समाज के लोग बड़ी संख्या में दिल्ली की सड़कों पर उतर आए। सवर्ण समुदाय के कई बड़े नेताओं की गिरफ्तारी और उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद सामान्य वर्ग के हजारों युवा रामलीला मैदान और जंतर-मंतर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी नियमों के खिलाफ अपनी नाराजगी जताते हुए सरकार से इसे वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि सरकार को ऐसा कानून बनाना चाहिए जो सभी समाज और सभी वर्गों के हितों की रक्षा करे। उनका आरोप था कि नियम-कानून की आड़ में लगातार सामान्य वर्ग के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है और अब बच्चों को कॉलेज स्तर पर भी प्रताड़ित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के नियम किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुटने के बाद उनकी पुलिस जवानों के साथ तीखी कहासुनी भी हुई। वहीं रामलीला मैदान में भी युवाओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर वहां से हटाया। सुरक्षा बलों का कहना था कि रविवार को यूजीसी के खिलाफ प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए।

अयोध्या से आंदोलन में शामिल होने दिल्ली पहुंचीं आरती तिवारी ने मीडिया से कहा कि भाजपा और आरएसएस अक्सर हिंदू समाज की एकता की बात करते हैं, लेकिन यूजीसी के नए नियम बच्चों को अलग-अलग वर्गों में बांटने का काम कर रहे हैं। वहीं बिहार से आए रणधीर सिंह ने कहा कि सरकार को केवल अमीर और गरीब दो ही वर्ग मानने चाहिए। उनका कहना था कि यदि कोई छात्र आर्थिक रूप से कमजोर है तो उसे बिना किसी भेदभाव के सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए।

प्रयागराज से आए छात्र अमित शुक्ला ने कहा कि वे सरकार या भाजपा के विरोधी नहीं हैं, लेकिन यदि यूजीसी के नियम वापस नहीं लिए गए तो वे चुनावों के बहिष्कार के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि एक कानून बनाकर उन्हें अपने ही देश में दोयम दर्जे का नागरिक बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं धर्मराज सिंह ने आरोप लगाया कि देशभर में एससी/एसटी एक्ट का दुरुपयोग करते हुए सवर्ण समाज के लोगों को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है और पूरे-पूरे परिवारों को जेल भेजा जा रहा है। उनका कहना था कि अब बच्चों को भी स्कूल और कॉलेज स्तर पर कानून के फंदे में फंसाने की साजिश रची जा रही है, जिसके खिलाफ सवर्ण समाज अब खुलकर विरोध करेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।