स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता की मांग, किसान एकता संघ ने Vivo कंपनी को आंदोलन की दी चेतावनी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (08/03/2026): ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार में पर्याप्त अवसर न मिलने और गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर किसान एकता संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो 30 मार्च को वीवो कंपनी के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन की तैयारी को लेकर शनिवार को संगठन की बैठक कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता कृष्ण बैसला ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पं. प्रमोद शर्मा ने कहा कि औद्योगिक विकास के नाम पर क्षेत्र में बड़ी-बड़ी कंपनियां तो स्थापित हो गई हैं, लेकिन आसपास के गांवों के युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उनका आरोप है कि कंपनियां नियुक्तियों में बाहरी लोगों को तरजीह दे रही हैं, जिससे स्थानीय युवाओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

प्रमोद शर्मा ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र के कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है और स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों को रात के समय आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित कंपनियों से इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और गांवों की समस्याओं के समाधान को लेकर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो किसान एकता संघ 30 मार्च को वीवो कंपनी के बाहर बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया गया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार पर भी चर्चा की गई और नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस मौके पर सलोनी सोलंकी को किसान एकता संघ का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।

बैठक में चौधरी सोरन प्रधान, विक्रम नागर, उम्मेद एडवोकेट, शिवम शर्मा, जेपी नागर, आसिफ उस्मानपुर, राकेश सैनी, दीपू सैनी, गंगाराम, जीतन नागर, फैजान अली और गुलहसन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। संगठन के नेताओं ने कहा कि स्थानीय हितों की रक्षा के लिए भविष्य में भी इसी तरह आवाज बुलंद की जाती रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।