National News (6 मार्च 2026): संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुल 958 उम्मीदवारों (659 पुरुष और 299 महिलाएं) को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। परिणाम घोषित होने के साथ ही देशभर के लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त हो गया।
आयोग के अनुसार सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 9,37,876 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,76,793 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्रारंभिक परीक्षा के बाद अगस्त 2025 में आयोजित मुख्य (लिखित) परीक्षा के लिए 14,161 उम्मीदवारों ने अर्हता प्राप्त की। इसके बाद चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के लिए 2,736 उम्मीदवारों को बुलाया गया।
अंतिम परिणाम में अनुज अग्निहोत्री (रोल नंबर 1131589) ने पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने चिकित्सा विज्ञान को वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर परीक्षा उत्तीर्ण की है और एम्स, जोधपुर से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की है। वहीं राजेश्वरी सुवे एम (रोल नंबर 4000040) ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर दूसरा स्थान हासिल किया। वह अन्ना यूनिवर्सिटी, चेन्नई से इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक हैं।
तीसरे स्थान पर अकांश ढल (रोल नंबर 3512521) रहे, जिन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है और वाणिज्य एवं लेखांकन को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना। चौथा स्थान राघव झुनझुनवाला (रोल नंबर 0834732) को मिला, जिन्होंने अर्थशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर यह उपलब्धि हासिल की और दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए (ऑनर्स) अर्थशास्त्र किया है। वहीं पांचवीं रैंक ईशान भटनागर (रोल नंबर 0409847) ने प्राप्त की, जिन्होंने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, दिल्ली से बीए एलएलबी (ऑनर्स) किया है और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय चुना।
आयोग के अनुसार शीर्ष पांच सफल उम्मीदवारों में एक महिला और चार पुरुष शामिल हैं। वहीं शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 11 महिलाएं और 14 पुरुष हैं। इन सफल उम्मीदवारों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईटी, एनएलयू, एम्स, डीटीयू, अन्ना यूनिवर्सिटी, दिल्ली विश्वविद्यालय और मुंबई विश्वविद्यालय से जुड़ी हुई है, जिनमें इंजीनियरिंग, मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, कानून, चिकित्सा विज्ञान और जनसंचार जैसे विविध विषय शामिल हैं।
शीर्ष 25 उम्मीदवारों ने मुख्य परीक्षा में मानव विज्ञान, वाणिज्य एवं लेखांकन, रसायन विज्ञान, अर्थशास्त्र, विद्युत अभियांत्रिकी, इतिहास, गणित, चिकित्सा विज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, लोक प्रशासन और समाजशास्त्र जैसे विषयों को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना था।
इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों में बेंचमार्क दिव्यांगता वाले 42 उम्मीदवार भी शामिल हैं, जिनमें 10 अस्थि विकलांग, 14 दृष्टिबाधित, 9 श्रवणबाधित और 9 बहु-विध दिव्यांग अभ्यर्थी शामिल हैं। UPSC ने कहा कि इन सभी उम्मीदवारों की नियुक्ति केंद्र सरकार की विभिन्न अखिल भारतीय और केंद्रीय सेवाओं में की जाएगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।