सेक्टर-149 और 150 को जोड़ने वाली अधूरी सड़क जल्द होगी पूरी | Noida Authority
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (05/03/2026): शहर के सेक्टर-149 और सेक्टर-150 के बीच लंबे समय से अधूरी पड़ी 75 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण अब जल्द पूरा होने की उम्मीद है। नोएडा प्राधिकरण ने किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन लेने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है, जिसके बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इसी के तहत प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 ने सड़क के शेष हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है।
दरअसल, इस सड़क का करीब 300 मीटर का हिस्सा जमीन उपलब्ध न होने के कारण लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ था। इससे आसपास के सेक्टरों के निवासियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब किसानों से जमीन मिलने के बाद प्राधिकरण ने निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार सड़क के निर्माण में सड़क की लेयरिंग के साथ-साथ फुटपाथ और सेंट्रल वर्ज का भी निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 78 लाख 23 हजार 371 रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण एजेंसियों से 11 मार्च तक टेंडर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यह अधूरा हिस्सा कोंडली गांव के सामने स्थित है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे। प्राधिकरण ने निर्माण एजेंसी को काम शुरू होने के बाद दो महीने के भीतर परियोजना पूरी करने का लक्ष्य दिया है।
इसी बीच शहर की खराब सड़कों की मरम्मत को लेकर भी प्राधिकरण ने कदम उठाया है। सेक्टर-78 में वेदवन पार्क के आसपास की 30 मीटर और 45 मीटर चौड़ी सड़कें काफी समय से क्षतिग्रस्त स्थिति में हैं। सड़क की परत उखड़ जाने से वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही थी।
इस समस्या को देखते हुए प्राधिकरण के वर्क सर्किल-6 ने इन सड़कों की रिसर्फेसिंग और आसपास के मरम्मत कार्यों के लिए टेंडर जारी किया है। इस काम पर लगभग 32 लाख 7 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। इच्छुक निर्माण एजेंसियां 12 मार्च तक आवेदन कर सकती हैं।
अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-149 और 150 के बीच सड़क पूरी होने से दोनों सेक्टरों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। वहीं सेक्टर-78 में सड़कों की मरम्मत होने से स्थानीय निवासियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी। नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि शहर में जर्जर सड़कों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से उनकी मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य किया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित बनाई जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।