दिल्ली विधान सभा चुनाव: राहुल गांधी की दिल्ली में तीन रैलियां निर्धारित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 जनवरी 2025): दिल्ली विधान सभा चुनाव में कांग्रेस ने अपनी ताकत झोंक दी है, और अब पार्टी के स्टार प्रचारक राहुल गांधी चुनावी मैदान में उतर आए हैं। 22 से 24 जनवरी तक राहुल गांधी दिल्ली के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे और कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाएंगे।

राहुल गांधी की पहली रैली सदर बाजार में

राहुल गांधी की तीन दिवसीय रैलियों की शुरुआत आज सदर बाजार से होगी। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार अनिल भारद्वाज के लिए वह प्रचार करेंगे। यह रैली शाम 5 बजे इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास आयोजित की जाएगी। पार्टी नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी की मौजूदगी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता में जोश बढ़ेगा।

सदर बाजार के स्थानीय नेता अनिल भारद्वाज ने कहा, “राहुल गांधी हमारी पार्टी के स्टार प्रचारक हैं। उनकी लोकप्रियता और उनके विचार जनता के दिलों तक पहुंचते हैं। उनका आना हमारे लिए एक बड़ा सकारात्मक संकेत है।”

23 और 24 जनवरी को अन्य विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां

राहुल गांधी 23 जनवरी को मुस्तफाबाद में कांग्रेस उम्मीदवार अली मेंहदी के लिए जनसभा करेंगे। मुस्तफाबाद, जो अल्पसंख्यक बहुल इलाका है, कांग्रेस के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। वहीं, 24 जनवरी को राहुल मादीपुर में जेपी पंवार के समर्थन में रैली करेंगे।

प्रियंका गांधी भी आएंगी प्रचार में होंगी शामिल

कांग्रेस के प्रचार अभियान को मजबूती देने के लिए प्रियंका गांधी भी जल्द ही दिल्ली में रैलियां करेंगी। पार्टी ने संकेत दिया है कि प्रियंका गांधी की रैलियों और रोड शो की योजना बनाई जा रही है।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन कांग्रेस इस बार अपनी रणनीति में बदलाव लाकर मैदान में है। पार्टी उन क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान दे रही है, जहां उसका पारंपरिक समर्थन रहा है। राहुल गांधी की रैलियां इसी योजना का हिस्सा हैं।

दिल्ली की जनता अब इस बात का इंतजार कर रही है कि राहुल गांधी के ये तीन दिन कांग्रेस को कितना लाभ पहुंचाते हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।