T20 World Cup: सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत के क्या रास्ता

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (26 February 2026): ICC Men’s T20 World Cup में टीम इंडिया का सेमीफाइनल गणित अब बेहद उलझ चुका है। भारत ने अब तक 5 मैच खेले हैं, जिनमें 4 में जीत और 1 में हार मिली है। लेकिन यह एक हार 76 रन के बड़े अंतर से हुई, जिससे टीम का नेट रन रेट -3 से भी नीचे चला गया। इसी भारी अंतर की हार ने भारत की राह मुश्किल बना दी है। पहले माना जा रहा था कि अगर तीन टीमें दो-दो मैच जीतती हैं तो फैसला नेट रन रेट से होगा, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।

साउथ अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद वेस्टइंडीज ने समीकरण और पेचीदा कर दिए। West Indies cricket team ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में 107 रन से बड़ी जीत दर्ज की, जिससे उनका नेट रन रेट +5 के पार पहुंच गया। वे अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गए और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका से भी बेहतर स्थिति बना ली। ऐसे में अब नेट रन रेट की लड़ाई भारत के लिए लगभग नामुमकिन सी हो गई है।

अब सवाल है कि रन रेट क्यों भुलाना होगा? दरअसल, अगर भारत अपने दोनों शेष मुकाबले जीत भी लेता है, तब भी उसका नेट रन रेट -3 से ऊपर लाकर वेस्टइंडीज या साउथ अफ्रीका से बेहतर करना बेहद मुश्किल है। ऐसे में अगर तीनों टीमें दो-दो मैच जीतती हैं तो भारत के बाहर होने की आशंका प्रबल हो जाएगी और सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की एंट्री लगभग तय मानी जाएगी।

भारत के पास अब एक स्पष्ट रास्ता बचा है। टीम इंडिया को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। साथ ही यह भी जरूरी है कि वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले में साउथ अफ्रीका जीत हासिल करे। दिलचस्प बात यह है कि यह मैच भारत और जिम्बाब्वे के मुकाबले से ठीक पहले समाप्त होगा। यानी जब भारत मैदान पर उतरेगा, तब तक सेमीफाइनल की तस्वीर काफी हद तक साफ हो चुकी होगी।

एक और संभावना भी है, लेकिन वह और ज्यादा कठिन है। अगर वेस्टइंडीज साउथ अफ्रीका को हरा देती है, तो फिर भारत को उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे साउथ अफ्रीका को शिकस्त दे। इस स्थिति में साउथ अफ्रीका के पास सिर्फ 2 अंक रह जाएंगे और भारत अपने दोनों मैच जीतकर 4 अंकों के साथ वेस्टइंडीज के साथ सेमीफाइनल में जगह बना सकता है। हालांकि यह समीकरण पूरी तरह अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर है।

तकनीकी रूप से एक विकल्प यह भी है कि भारत अपने दोनों मैच इतने बड़े अंतर से जीते कि रन रेट में भारी सुधार हो जाए, लेकिन मौजूदा स्थिति में यह लगभग असंभव माना जा रहा है। कुल मिलाकर सेमीफाइनल का गणित अब बेहद उलझा हुआ है और ग्रुप-1 के आगामी मुकाबले वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका और भारत बनाम जिम्बाब्वे निर्णायक साबित होंगे। अब हर मैच के साथ टूर्नामेंट की तस्वीर और साफ होती जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।