डीएम मेधा रूपम की सख्ती: उद्योग क्षेत्रों की समस्याएं एक हफ्ते में सुलझाने के निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (25 फरवरी 2026): गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति एवं जिला एमआईयू की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के औद्योगिक वातावरण को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाना तथा उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के प्रमुख उद्यमी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण के संबंधित वर्क सर्किल एसीईओ एवं ओएसडी के अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत आख्या प्राप्त की जाए, ताकि शासन को पूरे प्रकरण से अवगत कराया जा सके और भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।

डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित प्राधिकरण एवं जिला स्तरीय अधिकारी बैठक से पूर्व उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें और कम से कम एक सप्ताह पहले अपनी आख्या प्रस्तुत करें, जिससे समीक्षा बैठक को अधिक परिणामोन्मुख बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार जनपद की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनकी समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में उद्यमी प्रतिनिधियों ने अतिक्रमण, यातायात जाम, कूड़ा-कचरा निस्तारण, पार्किंग की कमी, सड़कों की खराब स्थिति, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, जीएसटी संबंधी जटिलताओं, जल आपूर्ति तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों की स्थानीय समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि व्यापारिक गतिविधियां व्यवस्थागत बाधाओं से प्रभावित न हों। उन्होंने बाजार क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने और आवश्यकतानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने तथा व्यस्त समय में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए, ताकि उद्यमियों एवं आमजन को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन मिल सके।

कूड़ा निस्तारण को लेकर डीएम ने नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के अधिकारियों को क्षेत्रवार तैनात सफाई कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बार-बार अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही चिन्हित कूड़ादान स्थलों पर संबंधित कर्मचारी, वाहन एवं चालक के मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए, ताकि शिकायत की स्थिति में त्वरित समाधान संभव हो सके।

महिला उद्यमियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने उद्योग क्षेत्रों में महिलाओं के लिए उपलब्ध शौचालयों के समुचित रखरखाव तथा आवश्यकता अनुसार नए शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों को 24×7 संचालित रखने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे महिला कर्मचारियों और उद्यमियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने किया। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस., यमुना विकास प्राधिकरण के ओएसडी शिव अवतार सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नोएडा रितेश कुमार, एसएम ग्रेटर नोएडा चेतराम सिंह सहित पुलिस विभाग, नोएडा प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्योग हित में ठोस और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।