Namo Bharat का ऐतिहासिक दिन, एक ही दिन में बना दिया रिकॉर्ड!

टेन न्यूज नेटवर्क

Meerut News (24/02/2026): दिल्ली–गाज़ियाबाद–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। शेष खंडों और मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के बाद पहले ही दिन के ऑपरेशन में कॉरिडोर पर एक लाख से अधिक यात्रियों ने सफ़र किया, जो अब तक की सबसे अधिक एक-दिवसीय राइडरशिप है। यह आंकड़ा अब तक की औसतन 60 हज़ार दैनिक राइडरशिप की तुलना में लगभग 70 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी को दर्शाता है।

मेरठ शहर के केंद्र में स्थित भूमिगत बेगमपुल स्टेशन पूरे नेटवर्क का सबसे व्यस्त स्टेशन रहा। सेंट्रल मार्केट और बिज़नेस डिस्ट्रिक्ट के बीच स्थित होने और नमो भारत व मेरठ मेट्रो दोनों सेवाएं उपलब्ध कराने के कारण बेगमपुल उद्घाटन के साथ ही शहर का प्रमुख मोबिलिटी हब बनकर उभरा। आनंद विहार स्टेशन ने दूसरी सबसे अधिक राइडरशिप दर्ज की, जो देश के सबसे बड़े मल्टी-मॉडल ट्रांज़िट हब्स में से एक है। वहीं गाज़ियाबाद स्टेशन पर भी भारी भीड़ देखी गई, जिसने दिल्ली और मेरठ के बीच एक अहम प्रवेश द्वार के रूप में इसकी भूमिका को फिर साबित किया।

नव-उद्घाटित सराय काले खां, शताब्दी नगर और मोदीपुरम स्टेशनों पर भी यात्रियों की अच्छी मौजूदगी दर्ज की गई, जबकि न्यू अशोक नगर जैसे पहले से परिचालित स्टेशन पर भी यात्रियों की संख्या में तेज़ उछाल देखा गया। सोमवार होने के कारण छात्रों, दफ़्तर जाने वालों के साथ-साथ बड़ी संख्या में परिवार और युवा भी इस नई हाई-स्पीड सेवा का अनुभव लेने पहुंचे। पूर्णत: एसी कोच, आरामदायक सीटिंग और कम समय में यात्रा ने यात्रियों को खासा आकर्षित किया। कोचों में सेल्फ़ी, ग्रुप फ़ोटो और सोशल मीडिया पर रील्स की भरमार नज़र आई।

रविवार को प्रधानमंत्री द्वारा न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक 5 किमी और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी खंड के उद्घाटन के साथ ही 15 स्टेशनों वाला पूरा कॉरिडोर परिचालित हो गया। इसी के साथ मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेरठ मेट्रो की सेवाएं भी शुरू हुईं। एक अनूठी पहल के तहत एक ही ट्रैक और इंफ्रास्ट्रक्चर पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन देश में पहली बार किया जा रहा है।

135 किमी प्रति घंटे की डिज़ाइन स्पीड और 120 किमी प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के साथ मेरठ मेट्रो देश की सबसे तेज़ मेट्रो प्रणाली बन गई है। पहले ही दिन मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया यह संकेत देती है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र अब एकीकृत, हाई-स्पीड और यात्री-केंद्रित सार्वजनिक परिवहन के नए युग को पूरे उत्साह के साथ अपना रहा है। यात्रियों ने इस परिवर्तनकारी सेवा के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम और सरकार का आभार जताया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।