खजूरी खास में गूंजा ‘एक साल बेमिसाल’: दिल्ली सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (23 फरवरी 2026): दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र के खजूरी खास स्थित नमो ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार का एक साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा कि “ये सरकार आपकी मेहनत की सरकार है।” उन्होंने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं के संघर्ष, पार्टी की विचारधारा और दिल्ली को विकसित बनाने के संकल्प को प्रमुखता से रखा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वर्षों से पार्टी उस अधूरे सपने को पूरा करने का प्रयास कर रही थी, जिसकी शुरुआत हरीश लाल खुराना, मदन लाल खुराना और सुषमा स्वराज जैसे नेताओं ने की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन कर जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। “मैं भी उन लाखों कार्यकर्ताओं में से एक हूं, जिसने सपना देखा था कि एक दिन हमारी सरकार बनेगी,” उन्होंने भावुक अंदाज में कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों, ईमानदार नीयत और विकास की राजनीति पर भरोसा जताते हुए भाजपा को चुना। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी 2025 को सरकार बनने के बाद से ही मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक लगातार जनता के सम्मान और विकास के लिए काम कर रहे हैं। “इन पांच वर्षों में हमें दिल्ली को विकसित, साफ-सुथरी और दिल्लीवालों की दिल्ली बनाना है। यह पद नहीं, बल्कि एक दायित्व है, और मेरी कोशिश रहेगी कि मैं कार्यकर्ता की भावना को कभी न छोड़ूं,” उन्होंने कहा।
सरकार के एक वर्ष के कामकाज का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 365 दिनों में सरकार ने हर दिन का उपयोग निष्ठा के साथ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने निजी लाभ के लिए घोटाले किए और जनता को परेशान किया। वर्तमान सरकार ने पानी, सीवर, सड़कों, फ्लाईओवर, चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण, स्कूलों और लैब निर्माण तथा इलेक्ट्रिक बसों के संचालन जैसे क्षेत्रों में व्यापक काम किया है। उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली में चल रही हैं और सरकार का लक्ष्य पूरी बस फ्लीट को इलेक्ट्रिक करना है।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि स्कूलों में 7000 स्मार्ट बोर्ड लगाए गए हैं और 75 नई लैब स्थापित की गई हैं। यमुना पार क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए यमुना पार बोर्ड का पुनर्गठन कर 700 करोड़ रुपये का फंड जारी किया गया है। यमुना की सफाई के लिए 9000 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है और 37 एसटीपी लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पानी और सीवर की समस्याओं के समाधान के लिए भी व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत दिल्लीवासियों को 10 लाख रुपये तक का लाभ दिया जा रहा है और अब तक 7 लाख लोग पंजीकरण करा चुके हैं। अटल कैंटीन में 5 रुपये में भरपेट भोजन की सुविधा भी शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और दीपावली जैसे पर्वों का आयोजन सुचारू रूप से हुआ और किसी को असुविधा नहीं हुई।

कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी, घोंडा विधानसभा के विधायक अजय महावर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल तथा उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि सरकार मेहनत में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। “पहला साल दिल्ली की दिशा बदलने का था, आने वाले चार साल उसकी दशा बदलने के होंगे। हम इतना काम करेंगे कि अगले चुनाव में जनता स्वयं आशीर्वाद देगी,” उन्होंने विश्वास जताया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।