IHGF दिल्ली मेला–स्प्रिंग 2026 के तीसरे दिन बढ़ी रौनक, यूरोप–अमेरिका निर्यात रणनीति पर हुआ मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (17 February 2026): Export Promotion Council for Handicrafts (ईपीसीएच) द्वारा आयोजित 61वाँ आईएचजीएफ (IHGF) दिल्ली मेला–स्प्रिंग 2026 14 से 18 फरवरी तक India Expo Centre & Mart में पूरे उत्साह और व्यावसायिक सक्रियता के साथ जारी है। मेले में 3,000 से अधिक प्रदर्शक, 900 स्थायी शोरूम, थीम आधारित प्रस्तुतियाँ और व्यापक सहायक सुविधाएँ इसे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए एक सशक्त सोर्सिंग मंच बना रही हैं।

तीसरे दिन प्रदर्शक–खरीदार बैठकों, 2027 के लिए ‘डिज़ाइन स्टोरीज़’ प्रेज़ेंटेशन, तथा प्रोडक्ट प्रेज़ेंटेशन, कम्युनिकेशन और कम्प्लायंस पर केंद्रित सेमिनारों ने प्रतिभागियों को व्यस्त रखा।

ईपीसीएच–एक्सपो बाज़ार–टीआईसीए सहयोग पर विशेष सत्र

मेले के दौरान ईपीसीएच ने निर्यातकों और उद्योग प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष सत्र आयोजित किया, जिसमें ईपीसीएच–एक्सपो बाज़ार–टीआईसीए (EPCH- Expo Bazar- TICA) के त्रिपक्षीय सहयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। इस पहल का उद्देश्य यूरोपीय बाज़ार में भारतीय हस्तशिल्प की उपस्थिति को वेयरहाउसिंग, फुलफिलमेंट और जस्ट-इन-टाइम डिलीवरी जैसे आधुनिक मॉडलों के माध्यम से मजबूत करना है।

ईपीसीएच के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने कहा, बेनेलक्स क्षेत्र में टीआईसीए की कार्यप्रणाली को निकट से देखने के बाद हमें विश्वास है कि यह साझेदारी भारतीय निर्यातकों के लिए नई संभावनाएँ खोलेगी। यह भविष्य उन्मुख निर्यात संरचना है, जो हमारे सदस्यों को प्रत्यक्ष वैश्विक पहुँच और बेहतर मूल्य प्राप्ति में मदद करेगी।

ईपीसीएच के महानिदेशक एवं आईईएमएल के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने ‘कैश-एंड-कैरी’ और ‘प्रोजेक्ट’ आधारित टीआईसीए के दो व्यवसायिक मॉडलों की कार्यप्रणाली स्पष्ट करते हुए कहा, कोविड के बाद खरीदारों की प्राथमिकताएँ बदली हैं। कम लीड टाइम और अधिक लाभप्रदता की मांग को ध्यान में रखते हुए ऐसे मॉडल विकसित हुए हैं। ईपीसीएच–एक्सपो बाज़ार इस दिशा में पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

ईपीसीएच के उपाध्यक्ष सागर मेहता ने जानकारी दी कि टीआईसीए का प्रतिनिधिमंडल मेले में चयनित भारतीय निर्माताओं को दीर्घकालिक साझेदारी के आधार पर अपने यूरोपीय प्लेटफॉर्म से जोड़ने के उद्देश्य से उपस्थित है। रणनीतिक वेंडर ऑनबोर्डिंग के माध्यम से चयनित सप्लायर्स को नीदरलैंड्स और बेल्जियम स्थित कैश-एंड-कैरी केंद्रों तक पहुँच मिलेगी, जहाँ उन्हें प्रतिवर्ष हजारों यूरोपीय बी2बी खरीदारों के बीच सीधी दृश्यता प्राप्त होगी।

टीआईसीए के सीईओ एवं सह-मालिक रोजियर यूवेल ने कहा, हमारी 45,000 सदस्यों वाली नेटवर्क को विविध और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। भारतीय हस्तशिल्प में वह विशिष्टता है, जो हमारे सदस्यों को आकर्षित करती है।

एक्सपो बाज़ार के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जितिन प्रशर ने अमेरिका, यूरोप और यूके में प्लेटफॉर्म की पहुँच और मल्टी-मोड डिलीवरी विकल्पों की जानकारी देते हुए बताया कि ड्रॉप शिपमेंट सहित आधुनिक लॉजिस्टिक समाधान लास्ट-माइल डिलीवरी को अधिक प्रभावी बना रहे हैं।

आईएचजीएफ दिल्ली फेयर–स्प्रिंग 2026 की रिसेप्शन कमेटी के अध्यक्ष मोहित चोपड़ा ने बताया, दुनिया के विभिन्न हिस्सों से आए खरीदार मेले की विविधता और सुविधाओं से संतुष्ट हैं। पिछले तीन दिनों में होम डेकोर, फर्नीचर, गिफ्ट आइटम्स और फैशन एक्सेसरीज़ के प्रति विशेष रुचि देखी गई है।

ऑस्ट्रेलिया के इंटीरियर डिज़ाइनर एंड्रयू नॉक्स ने मेले को सुव्यवस्थित बताते हुए कहा कि वे ऐसे टिकाऊ उत्पादों की तलाश में हैं जो डिज़ाइन और उपयोगिता दोनों में संतुलित हों।

फ्रांस की खरीदार मैक्सिम विबर्ट ने भारतीय ब्रॉन्ज़ उत्पादों की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धी मूल्य की सराहना की। बेल्जियम के फर्नीचर खरीदार पैट्रिक ने कहा कि मेले की विविधता उन्हें हर वर्ष नए विकल्प खोजने का अवसर देती है। वहीं जापान की मोमोको ने उत्पाद गुणवत्ता और अवसंरचना में उल्लेखनीय सुधार की बात कही।

डिज़ाइन फ्यूचर्स 2027 और खरीदार अपेक्षाएँ

आईएचजीएफ दिल्ली फेयर–स्प्रिंग 2026 के उपाध्यक्ष गौतम नथानी ने बताया कि ‘डिज़ाइन फ्यूचर्स 2027’ सेमिनार में एस/एस 2027 और ए/डब्ल्यू 2027 के ट्रेंड्स पर चर्चा की गई, जिसमें सस्टेनेबिलिटी, इको-कॉन्शस एस्थेटिक्स और आधुनिक आर्टिसनल तकनीकों के समन्वय पर जोर दिया गया।

उपाध्यक्ष आनंद जलान ने दूसरे सत्र ‘व्हाट बायर्स वांट’ के बारे में कहा, इस सेमिनार में प्रोडक्ट प्रेज़ेंटेशन, प्रभावी संचार और वैश्विक कम्प्लायंस मानकों को स्पष्ट किया गया। पेशेवर प्रस्तुति और रणनीतिक संवाद ऑर्डर कन्वर्ज़न तथा दीर्घकालिक साझेदारी को सीधे प्रभावित करते हैं।

छोटे उद्यमियों के लिए अवसर

ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक राजेश रावत ने बताया, यह मॉडल छोटे और मध्यम रिटेल चेन्स को भी सेवा प्रदान करता है, जो कम मात्रा में लेकिन अधिक बार ऑर्डर देती हैं। इससे तेज़ शिपमेंट और बेहतर बाजार पहुँच संभव होती है। युवा उद्यमियों के लिए यह टेक-ड्रिवन निर्यात पारिस्थितिकी तंत्र बड़ा अवसर है। उन्होंने यह भी बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में भारतीय हस्तशिल्प निर्यात 33,123 करोड़ रुपये (3,918 मिलियन अमेरिकी डॉलर) रहा।

मेले के दौरान वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रतिनियुक्त कारीगरों और बुनकरों के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें निर्यात प्रक्रियाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में भागीदारी की जानकारी दी गई। भारतीय हस्तशिल्प निर्यात को वैश्विक स्तर पर नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में 61वाँ आईएचजीएफ दिल्ली मेला–स्प्रिंग 2026 एक प्रभावी मंच के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।