हंसराज कॉलेज में प्रिंसिपल के बेटे की शादी पर बवाल, छात्रों ने प्रदर्शन कर जताया विरोध

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (12 February 2026): दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस स्थित हंसराज कॉलेज इन दिनों पढ़ाई से ज्यादा एक शादी को लेकर सुर्खियों में है। कॉलेज की प्रिंसिपल रमा शर्मा के बेटे की शादी 10 फरवरी को कैंपस परिसर में आयोजित की गई, जिसके बाद छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर सजे-धजे कैंपस और पिंक-व्हाइट टेंट की तस्वीरें वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया। डिजिटल वेडिंग कार्ड में ‘गेट नंबर 5, हंसराज कॉलेज, दिल्ली-110007’ को वेन्यू दिखाए जाने से मामला तूल पकड़ गया।

छात्रों का आरोप है कि कॉलेज एक सार्वजनिक शैक्षणिक संस्थान है, न कि निजी बैंक्वेट हॉल। उनका कहना है कि 9 फरवरी को जब वे कॉलेज पहुंचे तो परिसर में कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी। स्पोर्ट्स ग्राउंड बंद कर दिया गया था और लॉन में टेंट, लाइटिंग और कैटरिंग की तैयारियां चल रही थीं। कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि हॉस्टल के आसपास के हिस्सों का इस्तेमाल मेहमानों के ठहरने के लिए किया गया।

विवाद उस समय और बढ़ गया जब हर साल आयोजित होने वाला ‘खेलो हंसराज’ स्पोर्ट्स टूर्नामेंट रद्द कर दिया गया। यह प्रतियोगिता 4 फरवरी से 27 फरवरी तक प्रस्तावित थी। छात्रों का कहना है कि जिस मैदान में टूर्नामेंट होना था, वही शादी की तैयारियों में लगा दिया गया। इससे खेल गतिविधियों पर असर पड़ा और छात्रों में नाराजगी बढ़ गई।

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के नेतृत्व में 200 से ज्यादा छात्रों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कैंपस के सार्वजनिक हिस्सों का उपयोग बिना पूर्व सूचना निजी कार्यक्रम के लिए करना अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है।

विवाद बढ़ने पर दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सफाई दी है। रजिस्ट्रार विकास गुप्ता ने कहा कि प्रिंसिपल आवंटित आवास में रहती हैं और वहां निजी समारोह करना उनका अधिकार है। उनके मुताबिक, इस कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी का कोई फंड इस्तेमाल नहीं हुआ और इसमें कुछ भी गैरकानूनी नहीं है।
रजिस्ट्रार ने यह भी स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय के नियमों में रेजिडेंशियल कैंपस एरिया में निजी कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं है। ऐसे मामलों में परिस्थितियों के आधार पर निर्णय लिए जाते हैं। हालांकि, छात्रों का विरोध जारी है और कैंपस में यह मुद्दा फिलहाल चर्चा का केंद्र बना हुआ है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।