भारत–अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कलेक्ट्रेट पर मजदूर संगठनों और किसान सभा का संयुक्त प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (12/02/2026): भारत–अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में तथा मजदूर और किसान हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मजदूर संगठनों और किसान सभा ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में प्रशासन के माध्यम से मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने भारत–अमेरिका ट्रेड डील को तत्काल रद्द करने, मजदूर विरोधी कानूनों को समाप्त करने, नया भूमि अधिग्रहण कानून लागू करने, सर्किल रेट में वृद्धि करने, 10 प्रतिशत आबादी को प्लॉट देने तथा लंबित आबादियों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि भारत–अमेरिका ट्रेड डील देश के इतिहास की सबसे खतरनाक समझौतों में से एक है। उनके अनुसार यह समझौता केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं पहुंचाएगा, बल्कि देश की संप्रभुता और आत्मनिर्भरता को भी कमजोर करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते के तहत कृषि आयात पर शून्य शुल्क स्वीकार किया गया है, जबकि भारतीय उत्पादों पर भारी कर लगाया जा रहा है। इसका सीधा असर टेक्सटाइल उद्योग पर पड़ेगा, जिससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी खतरे में आ सकती है।

किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि इस डील के जरिए अमेरिका से सस्ता कपास, पशु आहार और अन्य उत्पाद बिना शुल्क भारत में आएंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी किसानों को भारी सरकारी सब्सिडी मिलती है, जबकि भारतीय किसान पहले से ही महंगाई और लागत बढ़ने से परेशान हैं। ऐसी स्थिति में घरेलू किसान विदेशी सस्ते उत्पादों से प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे।

जिला सचिव शिशांत भाटी ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि विदेशी दबाव में लिए गए फैसले देश के स्वाभिमान के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत को अपने राष्ट्रीय हितों की अनदेखी कर मजबूरन नीतियां बदलनी पड़ रही हैं, जिसका खामियाजा किसानों और मजदूरों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस तरह के समझौतों को तुरंत खारिज किया जाए।

प्रदर्शन में नरेश नागर, पप्पू भाटी, पप्पू ठेकेदार, रोहित भाटी, जयकरण सिंह, मुकेश, गुरप्रीत, एडवोकेट संदीप भाटी, सूले यादव, सुरेश यादव, विजय यादव, मुकुल यादव, दिनेश यादव, सुशील, विनोद भाटी, गजेंद्र खारी, एडवोकेट अजय चौधरी, एडवोकेट अरुण, ओम दत्त शर्मा, देशराज राणा, राहुल नागर, भगत सिंह चेची, सुधीर रावल, निशांत रावल और भोजराज रावल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं मजदूर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक तेज किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।