ग्रेटर नोएडा में भव्य हिंदू सम्मेलन, समरसता, संस्कृति और राष्ट्रभाव पर हुआ सार्थक मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/02/2026): गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित रामलीला मैदान, पाई सेक्टर में रविवार 8 फरवरी 2026 को सकल समाज के तत्वावधान में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य हिंदुत्व के मूल विचारों, सांस्कृतिक विरासत और वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर गंभीर और सकारात्मक संवाद स्थापित करना रहा। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया।

आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन का मुख्य लक्ष्य समाज में आपसी एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच का विकास होता है और राष्ट्रप्रेम की भावना सुदृढ़ होती है। कार्यक्रम की शुरुआत गुरुकुल के बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण से हुई, जिसके पश्चात बालक इंद्रजीत ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत हो गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए महर्षि भृगु पीठाधीश्वर गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि समाज को दूसरों की प्रगति से तुलना करने के बजाय स्वयं को सशक्त बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी लकीर को बड़ा करने से ही आगे बढ़ा जा सकता है। साथ ही उन्होंने माता-पिता से आह्वान किया कि वे बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ें और धार्मिक स्थलों से जुड़ाव का संकल्प दिलाएं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रांति महाराज, समरसता प्रमुख (ग्राम विकास) ने समाज को आत्मनिर्भर और संगठित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज को मजबूत बनाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आत्मरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा के लिए सजग और सक्षम रहना समय की आवश्यकता है।

मुख्य वक्ता के रूप में नोएडा विभाग के विभाग संघचालक सुशील ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की निरंतर सामाजिक यात्रा और ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए समाज को दिशा प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें राष्ट्र सेविका समिति की बहनें, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बाल स्वयंसेवक और विश्व हिंदू परिषद की बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही। इन प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र सेवा के भाव को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

सम्मेलन का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि यह हिंदू सम्मेलन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्रप्रेम को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने जात-पात से ऊपर उठकर एकता और भाईचारे का संदेश दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


 


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।