दिल्ली विश्वविद्यालय में 9 से 11 फरवरी तक सजेगा ‘मदारी’, कला और संस्कृति का महाकुंभ
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (08 February 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय में कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति का बड़ा मंच ‘मदारी’ एक बार फिर सजने जा रहा है। 9, 10 और 11 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। यह कार्यक्रम एबीवीपी-नेतृत्व वाली दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) और राष्ट्रीय कला मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। पिछले दस वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा ‘मदारी’ छात्रों को जुनून, उद्देश्य और मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है।
‘मदारी’ का उद्देश्य न केवल दिल्ली विश्वविद्यालय बल्कि देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। यह आयोजन छात्रों के बीच सांस्कृतिक संवाद, रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का प्रयास है। इसी कारण ‘मदारी’ अब एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्र कला आंदोलन के रूप में उभर चुका है।
कार्यक्रम को तीन प्रमुख थीम्स में विभाजित किया गया है। पहली थीम ‘खिचड़ी’ के अंतर्गत दिल्ली विश्वविद्यालय और अन्य विश्वविद्यालयों की थिएटर सोसायटी के सदस्य नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति देंगे। दूसरी थीम ‘ग्राम्य’ में ओपन माइक सत्र होगा, जहां छात्र गायन, कविता पाठ और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियां देंगे। तीसरी थीम ‘धरोहर’ के अंतर्गत कला और शिल्प प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे।
‘मदारी’ की तैयारियां पिछले एक महीने से लगातार चल रही हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन और राष्ट्रीय कला मंच के स्वयंसेवक आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए DUSU की ओर से कई इंटर्नशिप प्रोग्राम भी शुरू किए गए हैं, जिनके माध्यम से 200 से अधिक इंटर्न पंजीकरण कर आयोजन की तैयारियों में योगदान दे रहे हैं।
भागीदारी के आंकड़े भी इस आयोजन की व्यापकता को दर्शाते हैं। ‘खिचड़ी’ के अंतर्गत 50 से अधिक टीमें विभिन्न कॉलेजों से हिस्सा लेंगी। ‘धरोहर’ में 35 टीमें अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी, जबकि ‘ग्राम्य’ में 150 से अधिक टीमों और प्रतिभागियों की भागीदारी देखने को मिलेगी। यह संख्या बताती है कि ‘मदारी’ छात्रों के बीच कितनी लोकप्रियता हासिल कर चुका है।
इस अवसर पर DUSU अध्यक्ष आर्यन मान ने कहा कि एबीवीपी-नेतृत्व वाली DUSU हमेशा छात्र हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को मंच प्रदान करना एक जिम्मेदार छात्र संघ का मूल कर्तव्य है। इसी भावना के तहत ‘मदारी’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मार्च के दूसरे सप्ताह में दिल्ली यूनिवर्सिटी ओलंपिक्स का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत पहली बार “खेलो डीयू” नाम से एक स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, खेल महाकुंभ के रूप में आयोजित होगा।
एबीवीपी दिल्ली के सचिव सार्थक शर्मा ने कहा कि ‘मदारी’ का उद्देश्य कला के क्षेत्र में राष्ट्रवादी विचारों को बढ़ावा देना है। नुक्कड़ नाटकों सहित सभी प्रस्तुतियों में राष्ट्र को जोड़ने वाली भावना झलकनी चाहिए। कलाकार समाज का दर्पण होते हैं और कला के माध्यम से समाज व राष्ट्र को एकजुट करने का प्रभाव पैदा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन होने के नाते एबीवीपी छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए कला, खेल, सेवा और पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता है, और ‘मदारी’ इसी सोच का सशक्त उदाहरण है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।