New Delhi News (05 February 2026): संसद के बजट सत्र 2026 के दौरान गुरुवार को एक बार फिर दोनों सदनों में भारी हंगामा देखने को मिला। ‘राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव’ पर चर्चा के बीच विपक्षी सांसदों के शोर-शराबे और नारेबाजी के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में भी विपक्ष ने वॉकआउट कर विरोध दर्ज कराया।
लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पेश किया, जिसका समर्थन भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने किया। सदन ने इस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए कुल 18 घंटे का समय तय किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बुधवार को ही इस प्रस्ताव पर जवाब देने की उम्मीद थी, लेकिन लगातार व्यवधान के चलते वह अपना वक्तव्य नहीं दे सके। अब संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री आज राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर सरकार का पक्ष रख सकते हैं।
कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते सदन को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा। दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन हंगामा थमने का नाम नहीं लिया और आखिरकार स्पीकर को सदन दोपहर 2 बजे तक स्थगित करना पड़ा।
इससे पहले राज्यसभा में भी माहौल गरमाया रहा। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे की किताब से उद्धरण देने की अनुमति नहीं मिलने पर विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस सांसदों ने संसद परिसर में सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।
हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में लोकसभा की कार्यवाही पर चर्चा नहीं हो सकती और विपक्ष के नेता को नियमों की जानकारी होनी चाहिए। नड्डा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जवाब देने के लिए तैयार थे, लेकिन विपक्ष ने उन्हें बोलने नहीं दिया। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “अपनी पार्टी को अबोध बालक का बंधक मत बनाइए।”
वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी विपक्ष पर नियमों का पालन न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सदन की प्रक्रिया और नियमों का सम्मान नहीं करते, जिसके कारण बार-बार कार्यवाही बाधित हो रही है।
लगातार हंगामे के चलते संसद का कामकाज प्रभावित हो रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि वह हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आज धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री का जवाब हो पाता है या बजट सत्र का गतिरोध आगे भी जारी रहेगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।