नोएडा में दलित शोषण मुक्ति मंच ने उत्साहपूर्वक मनाई संत रविदास जयंती

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (01/02/2026): दलित शोषण मुक्ति मंच, नोएडा के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-10 स्थित जेजे कॉलोनी में संत रविदास जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस अवसर पर संत रविदास के विचारों, उनके सामाजिक योगदान और समतामूलक समाज की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सीटू के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे महान संत, दार्शनिक, कवि और समाज सुधारक थे। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया और जातिगत भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई। गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज को जाति, धर्म और मजहब के नाम पर बांटने की कोशिशें हो रही हैं, तब संत रविदास के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दलित शोषण मुक्ति मंच के सचिव धर्मेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि संत रविदास का जन्म 14वीं-15वीं शताब्दी में काशी में हुआ था। एक चर्मकार परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने अपनी निर्गुण भक्ति और “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे संदेशों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जाति-पाति से मुक्त समाज की स्थापना का सपना देखा और जीवन भर इसके लिए संघर्ष किया।

मंच के नेता भीखू प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया और समाज में एकता व भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए 12 फरवरी 2026 को ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल में अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान संत रविदास के विचारों पर आधारित वक्तव्यों के साथ-साथ सामाजिक एकता और समानता का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर दलित शोषण मुक्ति मंच के कार्यकर्ता दुर्गाराम, हरकिशन सिंह, ईरानी, बलराम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में दलित शोषण मुक्ति मंच, नोएडा के सचिव धर्मेंद्र कुमार गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।