सरकारी दफ्तरों में चक्कर नहीं बल्कि यहां करें शिकायत, 21 दिनों में मिलेगा समाधान
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (31 January 2026): राजधानी दिल्ली के लोगों को जल्द ही सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलने वाली है। दिल्ली सरकार नागरिकों की शिकायतों और सुझावों के त्वरित समाधान के लिए ‘दिल्ली मित्र’ एप लॉन्च करने जा रही है। यह एप सरकार के विभिन्न विभागों और नागरिक निकायों से जुड़ी सेवाओं के लिए एक यूनिफाइड प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा, जिसके तहत दर्ज शिकायतों का 21 दिनों के भीतर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
सरकार ने इस एप के लिए तीन-स्तरीय शिकायत निवारण तंत्र तैयार किया है, ताकि हर शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और डिजिटल तरीके से निपटारा हो सके। इसके साथ ही शिकायतकर्ताओं से नियमित फीडबैक लेने के लिए कॉल सेंटर की भी व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि नया सिस्टम ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों को एक ही प्लेटफॉर्म पर दर्ज कर उनकी समान रूप से निगरानी और सुनवाई करेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले वर्ष ‘दिल्ली मित्र’ एप विकसित करने की योजना की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि यह एप सार्वजनिक शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए दिल्ली सरकार के सभी विभागों और नागरिक निकायों को एक ही मंच पर लाएगा। एप के संचालन को सुचारु बनाने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी तैयार कर ली गई है, ताकि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की देरी न हो।
‘दिल्ली मित्र’ एप के जरिए नागरिक सिर्फ शिकायतें ही नहीं, बल्कि सेवाओं में सुधार के लिए अपने इनोवेटिव सुझाव भी दे सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, एप और वेब पोर्टल पर शिकायतों की रियल-टाइम ट्रैकिंग की सुविधा होगी, जिससे लोग यह देख सकेंगे कि उनकी शिकायत किस स्तर पर है और उस पर क्या कार्रवाई हो रही है।
शिकायत दर्ज कराने के लिए कई विकल्प उपलब्ध होंगे। नागरिक ऑनलाइन वेब पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकेंगे। इसके अलावा कॉल सेंटर नंबर 1902 पर कॉल कर भी शिकायत की जा सकेगी।
ऑफलाइन माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय, मंत्रालयों या संबंधित विभागीय कार्यालयों में दी गई शिकायतों को भी सिस्टम में दर्ज कर डिजिटाइज किया जाएगा, ताकि उनका निपटारा भी ऑनलाइन मामलों की तरह पारदर्शी ढंग से हो सके।
तीन-स्तरीय व्यवस्था के तहत पहले स्तर पर जन शिकायत समाधान अधिकारी शिकायत की जांच, फील्ड वेरिफिकेशन कर कार्रवाई रिपोर्ट अपलोड करेंगे और 21 दिनों में निस्तारण करेंगे। हर बुधवार सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई भी होगी। दूसरे स्तर पर अपीलीय प्राधिकरण 10 दिनों में समीक्षा कर नए आदेश जारी कर सकेगा। तीसरे और अंतिम स्तर पर अंतिम अपीलीय प्राधिकरण शिकायत की अंतिम समीक्षा कर 10 दिनों में दिशा-निर्देश देगा। इस एप के तहत सेवा वितरण में खामियां, सार्वजनिक सेवाओं से जुड़ी समस्याएं और शासन सुधार से जुड़े सुझावों पर समाधान किया जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।