दिल्ली बीजेपी के प्रथम अध्यक्ष प्रो. विजय मल्होत्रा को मिला पद्मभूषण, जानें उनके जीवन से जुड़ी खास बातें
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (26 January 2026): केंद्र सरकार द्वारा घोषित पद्म पुरस्कारों की सूची में दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा को मरणोपरांत पद्मभूषण देने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उन्हें राजनीति, शिक्षा और दिल्ली के विकास में दिए गए अतुलनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। इस घोषणा से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ दिल्ली के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में हर्ष की लहर है।
प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का निधन 30 सितंबर 2025 को गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित उनके सरकारी आवास पर हुआ था। उनके निधन के बाद उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्मभूषण से सम्मानित किया जाना उनके पूरे जीवन के सार्वजनिक योगदान को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का कहना है कि यह सम्मान उनके दीर्घकालिक सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा को समर्पित है।
प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को ब्रिटिश भारत के पंजाब प्रांत के लाहौर शहर में हुआ था। वे कविराज खजान चंद की सात संतानों में से चौथे थे। उन्होंने हिंदी साहित्य में पीएचडी की और दिल्ली के पीजीडीएवी कॉलेज में तीन दशकों से अधिक समय तक हिंदी के प्रोफेसर के रूप में अध्यापन किया। एक शिक्षाविद होने के साथ-साथ वे एक सफल खेल प्रशासक भी रहे।
राजनीतिक जीवन में प्रो. मल्होत्रा का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। वे 1972 से 1975 तक दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष रहे और इसके बाद 1977–80 तथा 1980–84 तक दो बार दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए। आपातकाल के दौरान उन्होंने 19 महीने जेल में बिताए। वे दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने प्रो. मल्होत्रा को “दिल्ली के विकास का जनक” बताते हुए कहा कि वर्ष 1967 से 1971 के बीच मुख्य कार्यकारी पार्षद रहते हुए उन्होंने दिल्ली का पहला फ्लाईओवर पटेल नगर से मोती नगर तक बनवाया। इसके साथ ही दिल्ली में 16 कॉलेजों की स्थापना का श्रेय भी उन्हें जाता है। वे संसद में भाजपा संसदीय दल के उपनेता, लोक लेखा समिति के अध्यक्ष और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। भाजपा का कहना है कि प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का जीवन दिल्ली और राष्ट्र के लिए समर्पण की मिसाल है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।