New Delhi News (23 January 2026): गणतंत्र दिवस 26 जनवरी से पहले राष्ट्रीय राजधानी में अशांति फैलाने और देश विरोधी साजिश रचने की धमकी देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने खालिस्तानी आतंकी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पन्नू के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर जारी उस वीडियो के बाद की गई है, जिसमें उसने दिल्ली में गड़बड़ी फैलाने की धमकी दी थी।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पन्नू पर भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप है। पुलिस का कहना है कि पन्नू लगातार भड़काऊ बयान देकर देश के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है और उसके वीडियो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। इसी को देखते हुए स्पेशल सेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई की है।
दिल्ली पुलिस ने पन्नू के खिलाफ नए कानूनी ढांचे भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत एफआईआर दर्ज की है। इसमें धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालना), धारा 61 (आपराधिक साजिश), धारा 196 और धारा 197 शामिल हैं। ये धाराएं विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता फैलाने, भड़काऊ बयान देने और राष्ट्रीय अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने से जुड़े अपराधों पर लागू होती हैं।
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपने वीडियो संदेश में दावा किया था कि उसके संगठन के स्लीपर सेल ने दिल्ली के रोहिणी और डाबड़ी इलाकों में खालिस्तान समर्थक पोस्टर लगाए हैं। इस दावे के सामने आते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तुरंत उन इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, पुलिस को अब तक कोई भी आपत्तिजनक पोस्टर या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है।
स्पेशल सेल के अधिकारियों का मानना है कि पन्नू का यह दावा महज डर और मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश हो सकता है, ताकि गणतंत्र दिवस से पहले लोगों में भय का माहौल बनाया जा सके। पुलिस फिलहाल सोशल मीडिया गतिविधियों, वीडियो संदेशों और पन्नू के नेटवर्क से जुड़े संभावित संपर्कों की गहन जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र राजधानी की सुरक्षा को लेकर कोई भी ढिलाई नहीं बरती जाएगी और देश की सुरक्षा व अखंडता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी है ।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।