New Delhi News (22 November 2026): दिल्ली में गेस्ट हाउस और लॉजिंग प्रतिष्ठानों में आग से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने नियमों को सख्त कर दिया है। नए निर्देशों के तहत अब किसी भी इमारत की चौथी मंजिल या उससे ऊपर गेस्ट हाउस का संचालन नहीं किया जा सकेगा। वहीं, 12 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाली इमारतों में संचालित गेस्ट हाउस के लिए फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट (FSC) अनिवार्य कर दिया गया है।
MCD के पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट ने इस संबंध में गेस्ट हाउस संचालकों को निर्देश जारी किए हैं। हाल के दिनों में दिल्ली में आग लगने की कई घटनाओं में लोगों की मौत और घायल होने के बाद फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों ने सख्ती बढ़ाई है। निगम का उद्देश्य गेस्ट हाउस और लॉजिंग प्रतिष्ठानों में आग से होने वाले हादसों को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
वैध फायर सर्टिफिकेट नहीं होने पर होगी कार्रवाई
MCD अधिकारियों के मुताबिक, जिन गेस्ट हाउस संचालकों के फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट की वैधता समाप्त हो चुकी है, उन्हें तत्काल प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा। बिना वैध FSC के गेस्ट हाउस चलाना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना जाएगा और ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
हालांकि, 12 मीटर से कम ऊंचाई वाली इमारतों में संचालित गेस्ट हाउस को फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट लेने से छूट दी गई है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि ऐसे प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा के अन्य नियमों से राहत मिल गई है। उन्हें भी आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम और जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा।
हौजरानी के होटल में आग से 22 लोगों की मौत के बाद बढ़ी सख्ती
गौरतलब है कि इस साल हौजरानी के एक होटल में आग लगने की घटना में 22 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 13 विदेशी नागरिक और एक भारतीय परिवार के आठ सदस्य शामिल थे। हादसे में 40 से अधिक लोग घायल भी हुए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, होटल के ग्राउंड फ्लोर स्थित किचन में एयर फ्रायर से आग लगी थी। जांच में प्रतिष्ठान के पास वैध फायर सेफ्टी लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई थी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद दिल्ली में होटल, गेस्ट हाउस और अन्य लॉजिंग प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। अब MCD के नए निर्देशों के जरिए नियमों का पालन सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।