घने कोहरे के साथ ठंड का कहर जारी, दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर का अलर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (17 January 2026): दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। बीते पांच दिनों से शीतलहर के कारण ठंड बढ़ी हुई है, जिससे लोगों को कंपकंपी झेलनी पड़ रही है। हालांकि शुक्रवार को दिन के समय हल्की धूप निकलने से कुछ राहत जरूर महसूस की गई, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार रहा। मौसम विभाग ने आज शनिवार को भी घने कोहरे और आंशिक रूप से बादल छाए रहने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके चलते दृश्यता कम रह सकती है और लोगों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। IMD ने दिल्ली के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप निकलने की उम्मीद है, जिससे कोहरे में कुछ कमी आएगी, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रहेगी। शाम होते-होते एक बार फिर ठंड और कोहरे के बढ़ने का अनुमान है।

आज दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सर्दी से राहत मिलने के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे का असर जारी रहेगा, हालांकि रविवार से कोहरे में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। 20 जनवरी तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।

पिछले 24 घंटों में सफदरजंग और आया नगर दिल्ली के सबसे ठंडे इलाके रहे, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम और लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री और रिज इलाके में 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

गौरतलब है कि गुरुवार को दिल्ली में ठंड ने 16 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पालम इलाके में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम था। यह साल 2010 के बाद दिल्ली का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। वहीं आया नगर में भी तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे राजधानी में इस सीजन की सबसे भीषण ठंड महसूस की गई।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।