कड़ाके की ठंड में सरकार का मानवीय अभियान, सीएम के निर्देश पर बढ़े रैन बसेरे और रातभर रेस्क्यू
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (16 जनवरी, 2026): दिल्ली में कड़ाके की ठंड के बीच बेघर लोगों को सुरक्षित रखने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर सरकार ने अपना आश्रय अभियान और तेज कर दिया है। राजधानी के प्रमुख अस्पतालों एम्स, सफदरजंग और जी. बी. पंत के आसपास खुले में सो रहे बेसहारा लोगों को आधी रात में रेस्क्यू कर रैन बसेरों में सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इस क्रम में रैन बसेरों की संख्या और शरण क्षमता में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) और शेल्टर मैनेजमेंट एजेंसियां लगातार अभियान चलाकर खुले में सो रहे लोगों को रेस्क्यू कर रही हैं। रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों को बिस्तर, कंबल, तीन समय का भोजन, स्वच्छता और पीने के पानी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि विंटर एक्शन प्लान 2025–26 (Winter Action Plan) के तहत ठंड से बचाव के लिए राजधानी के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगभग 250 अस्थायी ‘पगोडा’ रैन बसेरे स्थापित किए गए हैं, जबकि पूरी दिल्ली में 197 स्थायी रैन बसेरे दिन-रात संचालित किए जा रहे हैं।
एम्स-सफदरजंग क्षेत्र में पहले से मौजूद 32 पगोडा रैन बसेरों में 320 बेड की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर अब 350 बेड कर दिया गया है। यहां तीन नए पगोडा रैन बसेरे और लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन अस्पतालों के आसपास बेघर लोगों की संख्या अधिक होने के कारण सबवे (Subway) क्षेत्र में भी अस्थायी शरण की व्यवस्था की गई है। विशेष अभियान के तहत एम्स-सफदरजंग इलाके से लगभग 75 बेघर लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिसके बाद इस क्षेत्र को खुले में सोने वाले लोगों से मुक्त किया गया।
इसी तरह जी. बी. पंत अस्पताल के आसपास भी आठ अस्थायी पगोडा रैन बसेरे स्थापित किए गए हैं, जहां करीब 80 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। रैन बसेरों का संचालन कर रही एजेंसियां प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक नियमित निरीक्षण कर रही हैं, ताकि कोई भी बेघर व्यक्ति खुले और असुरक्षित स्थानों पर न सोए। इसके साथ ही एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष (Control Room) भी चौबीसों घंटे सक्रिय है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार केवल आश्रय उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शहर में सतर्कता और बचाव तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। सरकार बेघर नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और मानवीय देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सर्दी के मौसम सहित किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में राजधानी में कोई भी व्यक्ति असहाय और असुरक्षित न रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।