New Delhi News (16 January 2026): राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार को भीषण ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। बर्फीली हवाओं के चलते सर्दी और ज्यादा चुभने लगी है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों के लिए घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को दिनभर ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार को दिल्ली के पालम इलाके में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम रहा। यह 2010 के बाद पालम में रिकॉर्ड किया गया सबसे कम तापमान है। वहीं आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो राजधानी में दूसरी सबसे ठंडी जगह रही।
उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भीषण ठंड और बहुत घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 15 जनवरी को हरियाणा के हिसार में देश के मैदानी इलाकों में सबसे ज्यादा सर्दी पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तराखंड के पंतनगर में तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
IMD के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले दो दिनों तक शीतलहर बनी रहेगी। इसके बाद ठंड में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली में 16 जनवरी की शाम से पश्चिमी विक्षोभ के असर से आसमान में बादल छाने लगेंगे, जिससे कोहरे में कुछ कमी आ सकती है।
कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह के समय दृश्यता घटकर 350 मीटर तक पहुंच गई, जिससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़कर 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे राजधानीवासियों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।