दिल्ली भाजपा कार्यालय में ‘खिचड़ी उत्सव’: राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (14 January 2026): मकर संक्रांति के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आयोजित ‘मकर संक्रांति मिलन समारोह’ और खिचड़ी उत्सव में जबरदस्त उत्साह और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का दिल्ली भाजपा की ओर से जोरदार अभिनंदन किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने नए राष्ट्रीय नेतृत्व का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम की मेजबानी दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने की। उन्होंने नितिन नबीन का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए उन्हें मखाने की माला पहनाई और मकर संक्रांति के प्रतीक स्वरूप खिचड़ी और तिल-कुट भेंट किया। इस मौके पर सचदेवा ने कहा कि यह दिन दोहरी खुशी का है—एक ओर सूर्य उत्तरायण हो रहे हैं और दूसरी ओर पार्टी को नितिन नबीन जैसा कर्मठ, ऊर्जावान और युवा नेतृत्व मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नए नेतृत्व के मार्गदर्शन में दिल्ली की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से काम करें।

प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने समस्त दिल्लीवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में समरसता, एकता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह सूर्य का प्रकाश अंधकार को दूर करता है, उसी तरह दिल्ली की जनता के आशीर्वाद से राजधानी में विकास और खुशहाली का नया सवेरा आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक मजबूती के साथ दिल्ली के हर वर्ग तक अपनी जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने अभिनंदन से अभिभूत राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं के जोश और अनुशासन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति परिवर्तन और नई ऊर्जा का पर्व है और आज दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं का उत्साह यह साफ दर्शाता है कि वे दिल्ली के विकास और संगठन की मजबूती के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है और खिचड़ी उत्सव इसी एकजुटता और सामूहिकता का प्रतीक है।

समारोह के दौरान भव्य खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने एक साथ भोजन किया। इस अवसर पर दिल्ली के सांसद, विधानसभा अध्यक्ष, विधायक, पूर्व मेयर, निगम पार्षद और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच पर कुलजीत चहल, वीरेंद्र सचदेवा, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, संजय मयूख, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संजय ओझा, कमलजीत सेहरावत और महामंत्री विष्णु मित्तल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूरे प्रदेश कार्यालय परिसर को केसरिया झंडों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। मकर संक्रांति की परंपरा के अनुसार कार्यकर्ताओं के बीच तिल-गुड़ और खिचड़ी का प्रसाद भी वितरित किया गया। यह आयोजन ऐसे समय में हुआ है, जब नितिन नबीन जल्द ही पार्टी के पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालने वाले हैं। दिल्ली भाजपा द्वारा किए गए इस शक्ति प्रदर्शन और भव्य स्वागत ने यह संकेत दे दिया है कि संगठन आने वाली राजनीतिक चुनौतियों और चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।