राष्ट्रचिंतना की 34वीं गोष्ठी: ‘साइबर सुरक्षा—चुनौतियाँ एवं समाधान’ पर हुआ मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (10/01/2026): आज शनिवार, 10 जनवरी को कैलाश इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा में राष्ट्रचिंतना के तत्वावधान में “साइबर सुरक्षा: चुनौतियाँ एवं समाधान” विषय पर 34वीं गोष्ठी का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रोफेसर विवेक कुमार द्वारा तीन बार ‘ॐ’ के नाद एवं संस्कार पक्ष के माध्यम से किया गया। विषय का परिचय कराते हुए प्रोफेसर विवेक कुमार ने कहा कि अपराध का विषय, प्रवृत्ति, प्रकृति और पैमाना तेजी से बदल रहा है। आभासी माध्यमों और डिजिटल लेन-देन के बढ़ते प्रयोग के कारण यह समस्या मानवता के लिए दिन-प्रतिदिन विकराल रूप धारण करती जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. त्रिवेणी सिंह (पूर्व पुलिस अधीक्षक) एवं विशिष्ट अतिथि श्री पूर्णेन्दु घोष (संयुक्त सचिव, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन तथा संस्थापक—वन रूफ सॉल्यूशन) को स्मृति-चिह्न एवं पटका भेंट कर सम्मानित किया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में डॉ. त्रिवेणी सिंह ने उपस्थित प्रबुद्धजनों से आभासी माध्यमों पर संवाद एवं डिजिटल लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी सुरक्षा एजेंसियों से भी दो कदम आगे चलकर नए-नए तरीकों से फ्रॉड को अंजाम दे रहे हैं। कॉल स्पूफिंग, ईमेल स्पूफिंग तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से किए जा रहे विभिन्न प्रपंचों द्वारा अब तक लगभग 55,000 करोड़ रुपये की धनराशि विदेशों में भेजी जा चुकी है, जो एक प्रकार की समानांतर अर्थव्यवस्था के संचालन जैसा है। यह भारत तथा उसके महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा हो सकता है।

उन्होंने छात्रों से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षाओं, साक्षात्कार निमंत्रण पत्रों तथा नौकरी के चयन पत्रों के समय अत्यधिक सजग रहने की आवश्यकता है। डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से मानव जीवन में समस्याओं का अंबार लग गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आभासी निजी डेटा संरक्षण विधेयक–2023 के पूर्ण रूप से प्रभावी होने के बाद इन समस्याओं में उल्लेखनीय कमी आएगी।

पूर्णेन्दु घोष ने साइबर फ्रॉड की स्थिति में सतर्क, सचेत रहने और तत्काल प्रभावी कदम उठाने का मूल मंत्र उपस्थित जनसमूह को दिया।

राष्ट्रचिंतना के अध्यक्ष प्रोफेसर बलवंत सिंह राजपूत ने अपने उद्बोधन में आभासी माध्यमों के दुरुपयोग एवं डिजिटल ट्रांजेक्शन से जुड़े फ्रॉड को रोकने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यदि दूरसंचार माध्यमों से संपर्क स्थापित करने में मानव असहज महसूस करने लगेगा, तो सामाजिक रिश्तों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने नॉलेज पार्क के लाखों विद्यार्थियों, आम नागरिकों तथा विशेष रूप से वरिष्ठ जनों के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।

राष्ट्रचिंतना ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष राजेश बिहारी ने सभी विशिष्ट वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस समसामयिक विषय पर अपने विचार साझा कर उन्होंने समाजहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही उन्होंने कैलाश इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग के निदेशक डॉ. संदीप अग्रवाल का भी विशेष आभार प्रकट किया, जिनके सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन संभव हो सका।

कार्यक्रम में डॉ. आकांक्षा, डॉ. लेखा सिंह, डॉ. निधि माहेश्वरी, सरोज अरोड़ा, राशि पाठक, प्रतिभा झा, श्रीमती संगीता वर्मा, डॉ. दिव्या अग्रवाल, राजेंद्र सोनी, नीरज जिंदल, किसलय कुमार, बिजेंद्र सिंह, नीरज कौशिक, श्री चंद गुप्ता, दिव्या सिकरवार, प्रियंका चौहान सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।