दिल्ली विधानसभा के इतिहास में शर्मनाक घटना: मार्शल आउट किए जाने के बाद बोले AAP विधायक संजीव झा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (09 January 2026): दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 जनवरी से जारी है और शुक्रवार 9 जनवरी को इसका आखिरी दिन रहा। सदन में अनुदान की मांगों पर चर्चा होनी थी, लेकिन कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामा हो गया। विपक्ष में आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने आतिशी मार्लेना से जुड़े कथित वीडियो का मुद्दा उठाते हुए मांग की कि इस वीडियो को चलाने वाले सभी मंत्रियों और विधायकों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से इसे तुरंत डिलीट कराया जाए। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी विधायकों ने सदन में विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हंगामे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा को मार्शल आउट करने का आदेश दे दिया। इसके बाद आम आदमी पार्टी के सभी विधायक सदन से वॉकआउट कर गए। विधानसभा परिसर में विपक्षी विधायकों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम को लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। संजीव झा ने कहा कि यह दिल्ली विधानसभा के इतिहास में एक शर्मनाक घटना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजीव झा ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने एक दिन पहले आदेश दिया था कि विवादित वीडियो को फॉरेंसिक लैब में भेजा जाएगा। ऐसे में विपक्ष ने मांग की थी कि जब तक फॉरेंसिक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक कोई भी मंत्री या विधायक उस वीडियो को न चलाए और उसे डिलीट किया जाए। उन्होंने कहा कि आज सदन में उन्होंने केवल यही मांग दोहराई थी, लेकिन जैसे ही वह अपनी सीट से खड़े हुए, उन्हें मार्शल आउट कर दिया गया। झा ने आरोप लगाया कि उनके साथी विधायक वॉकआउट करना चाहते थे, इसके बावजूद सभी को जबरन बाहर निकाल दिया गया।
AAP विधायक ने सत्ता पक्ष पर पूरे सत्र को हंगामे की भेंट चढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्र शुरू होने से पहले मंत्रियों ने प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दे पर चर्चा का आश्वासन दिया था। पहले दिन उपराज्यपाल का अभिभाषण हुआ, दूसरे और तीसरे दिन सत्ता पक्ष ने कथित फर्जी वीडियो को लेकर हंगामा किया। आज भी जब प्रदूषण, ठंड से हो रही मौतों, रैन बसेरों की बदहाली और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी थी, उससे पहले ही विपक्ष को सदन से बाहर कर दिया गया।
संजीव झा ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के कारण लोगों की सांसों पर इमरजेंसी जैसी स्थिति है, ठंड से 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, रैन बसेरे बदहाल हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है, लेकिन इन मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पीकर निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय सत्ता पक्ष के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। AAP ने इसे लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ बताते हुए इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की और कहा कि विपक्ष को बाहर निकालना दरअसल दिल्ली की जनता की आवाज को दबाने जैसा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।