GBU में कथित घोटाले और अवैध नियुक्तियों को लेकर समाजवादी छात्र सभा का जोरदार प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (05/01/2026): गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी (GBU) में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और अवैध भर्तियों को लेकर समाजवादी छात्र सभा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन समाजवादी पार्टी (SP) के नेता मोहित नागर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।

समाजवादी छात्र सभा का आरोप है कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से भ्रष्टाचार और धांधली का सिलसिला चल रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। छात्रों का कहना है कि नई भर्तियों में नियमों और प्रक्रियाओं को ताक पर रखकर बिना इंटरव्यू के चहेते लोगों को ऊंचे पदों पर नियुक्त किया गया, जबकि योग्य और वर्षों से कार्यरत शिक्षकों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

छात्र संगठन ने लोकायुक्त में पहले से चल रही जांच को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मोहित नागर ने कहा कि यदि लोकायुक्त जांच के दौरान सबूतों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की गई या तथ्यों को दबाने की कोशिश हुई, तो समाजवादी छात्र सभा सड़कों पर उतरकर प्रदेशव्यापी आंदोलन करने को मजबूर होगी।

छात्र नेताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय में 20 से 25 करोड़ रुपये तक के घोटाले किए गए हैं। उनका कहना है कि इस कथित घोटाले में पूर्व कुलपति रविंद्र सिन्हा, विश्वास त्रिपाठी, तत्कालीन कुलपति और रजिस्ट्रार की भूमिका संदिग्ध रही है। आरोप है कि विश्वविद्यालय के नाम पर आई राशि का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच अब तक पूरी नहीं हो पाई है।

नई नियुक्तियों को लेकर भी संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है। छात्रों का आरोप है कि वर्तमान कुलपति के कार्यकाल में बिना किसी वैध चयन प्रक्रिया और इंटरव्यू के कम से कम पांच लोगों की नियुक्ति कर दी गई। मोहित नागर ने सवाल उठाया कि आखिर ये नियुक्तियां किस नियम के तहत की गईं और इनके पीछे किसका संरक्षण है।

समाजवादी छात्र सभा ने शैक्षणिक योग्यता और पदों के दुरुपयोग का भी मुद्दा उठाया। आरोप है कि केमिस्ट्री विषय के एक शिक्षक को इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन विभाग का हेड बना दिया गया, जबकि उस विषय में उनका कोई अनुभव नहीं है। इसी तरह SOICT में भी नियमों को दरकिनार कर पद दिए जाने के आरोप लगाए गए हैं।

एक अन्य गंभीर आरोप में कहा गया कि एक महिला अधिकारी, जो पहले एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में कार्यरत थीं, उन्हें गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में लाकर डीन नियुक्त कर दिया गया और उन्हें फिफ्थ स्केल ग्रेड का वेतन दिया जा रहा है। इससे उनका सालाना पैकेज करीब 30 लाख रुपये तक पहुंच गया है, जबकि वर्षों से कार्यरत पुराने शिक्षकों को आज तक उनके स्केल ग्रेड का लाभ नहीं दिया गया है।

छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय में छात्राओं के साथ कथित शोषण के मामलों को भी उठाया। मोहित नागर ने आरोप लगाया कि समय-समय पर छात्राओं के उत्पीड़न की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें कुछ प्रोफेसरों की भूमिका संदिग्ध रही है। इन मामलों में विश्वविद्यालय प्रशासन की मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अंत में समाजवादी छात्र सभा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इन सभी मामलों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा और गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।

इस मामले को लेकर टेन न्यूज़ नेटवर्क की टीम ने गौतमबुद्ध नगर विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका। विश्वविद्यालय की ओर से जैसे ही कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होगी, उसे इस खबर में शामिल कर लिया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।