योगी सरकार का बड़ा फैसला: पुलिस भर्ती में आयु सीमा पर तीन वर्ष की राहत, 32,679 पदों पर मिलेगा लाभ

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (05/01/2026): उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बड़ा और राहत भरा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर प्रस्तावित सीधी भर्ती–2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष की छूट देने का फैसला किया गया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।

यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली–1992 के नियम–3 के अंतर्गत लिया गया है। 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के क्रम में 5 जनवरी 2026 को शासनादेश जारी कर इसे प्रभावी किया गया है।

32,679 पदों पर सीधी भर्ती, सभी वर्गों को मिलेगा लाभ

सीधी भर्ती–2025 के तहत कुल 32,679 पदों को भरा जाना है। शासनादेश के अनुसार आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला), आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष), आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष), महिला बटालियन हेतु महिला आरक्षी, आरक्षी घुड़सवार पुलिस (पुरुष) तथा जेल वार्डर (पुरुष एवं महिला) पदों पर भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित होने वाले सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को यह आयु सीमा में छूट एक बार के लिए प्रदान की जाएगी। इस फैसले से उन हजारों-लाखों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा, जो अब तक केवल आयु सीमा के कारण भर्ती प्रक्रिया से वंचित रह जाते थे।

युवाओं के हित में फिर आगे आई योगी सरकार

योगी आदित्यनाथ सरकार का यह निर्णय एक बार फिर साबित करता है कि प्रदेश सरकार युवाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने में विश्वास रखती है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को न्यायसंगत अवसर देना और रोजगार के अधिक से अधिक रास्ते खोलना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विधायक धीरेंद्र सिंह और संजय शर्मा की पहल

इस विषय को लेकर ज़ेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह और अनूपशहर के विधायक संजय शर्मा ने कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर आयु सीमा में छूट दिए जाने का अनुरोध किया था, जिसे अब सरकार ने स्वीकार कर लिया है।

ज़ेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस निर्णय पर खुशी जताते हुए कहा, मैं अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने उत्तर प्रदेश के असंख्य युवाओं को बड़ी राहत और सौगात दी है। लगभग 32 हजार पदों पर तीन वर्ष की आयु सीमा में छूट देना एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय है। लंबे समय से प्रदेश के युवा हम जनप्रतिनिधियों के संपर्क में थे और अपनी चिंता साझा कर रहे थे। आयु सीमा को लेकर उनमें गहरी निराशा थी। ऐसे समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं की पीड़ा को समझते हुए यह शानदार निर्णय लिया है।

यह फैसला उन लाखों युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा, जो वर्षों से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। योगी सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के युवाओं में नई उम्मीद जगी है और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को एक बड़ा अवसर प्राप्त हुआ है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।