आबादी निस्तारण को लेकर किसानों का अल्टीमेटम: समाधान नहीं तो क्या करेंगे?
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (05/01/2026): ऊंची दनकौर स्थित एक मंदिर परिसर में रविवार को किसान एकता संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से जुड़ी आबादी निस्तारण की लंबित समस्या को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया। बैठक में किसानों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय सांसद और विधायक के आवास का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी चुनावों में भाजपा के बहिष्कार की घोषणा भी की गई।
बैठक की अध्यक्षता नारायण सैनी ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, संगठन पदाधिकारी और क्षेत्रीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि यमुना प्राधिकरण से प्रभावित गांवों में आबादी निस्तारण का मुद्दा वर्षों से लंबित पड़ा है, लेकिन इसके समाधान को लेकर जनप्रतिनिधि गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय बड़े-बड़े आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन सत्ता में पहुंचने के बाद किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
सोरन प्रधान ने दो टूक कहा कि यदि शीघ्र कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो किसान मजबूर होकर आंदोलन को और तेज करेंगे और सांसद-विधायक के आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समस्या का समाधान न होने की स्थिति में आने वाले चुनावों में भाजपा को वोट नहीं दिया जाएगा।
बैठक में ‘काम नहीं तो वोट नहीं’ के नारे गूंजे। किसानों ने फरवरी माह में यमुना प्राधिकरण कार्यालय पर एक विशाल किसान पंचायत आयोजित करने की घोषणा की। संगठन के नेताओं ने कहा कि जब तक आबादी निस्तारण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
बैठक में देशराज नागर, दुर्गेश शर्मा, श्रीकृष्ण बैंसला, राजसिंह ठेकेदार, सतवीर भाटी, जेपी नागर, जीतन नागर, जोरा भाटी, कृष्ण मास्टर, सुरेंद्र चपरगढ़, उम्मेद एडवोकेट, मनोज नागर सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। किसान नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन केवल आबादी निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है, जिसे हर हाल में अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।