लक्ष्मी नगर में दबंगों का तांडव: शादी वाले घर में बाप-बेटे को नंगा कर पीटा

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (05 January 2026): राजधानी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बैंक एन्क्लेव में दिनदहाड़े दबंगों ने एक कारोबारी परिवार के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि 5–6 युवकों ने परिवार के सदस्यों को घसीटते हुए घर से बाहर निकाला और बाप-बेटे को नंगा कर बेरहमी से पीटा। यह पूरी घटना इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर रही है।

पीड़ित कारोबारी राजेश गर्ग के घर में इन दिनों शादी की तैयारियां चल रही थीं। खुशियों से भरे इस माहौल को दबंगों की हैवानियत ने खौफ में बदल दिया। आरोप है कि पिता को घर के बेसमेंट में नंगा कर पीटा गया, जबकि बेटे को सड़क पर घसीटकर नंगा किया गया और उसके चेहरे पर लात-जूतों से वार किए गए। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और बताया जा रहा है कि कारोबारी के दोनों बेटे लापता हैं।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि युवक को घर से खींचकर सड़क पर पीटा जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि वीडियो में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी बेखौफ होकर मारपीट करते नजर आते हैं। एक पुलिसकर्मी पीड़ित को कपड़े देता दिखता है, लेकिन किसी आरोपी को मौके पर काबू में नहीं किया गया, जिससे पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, राजेश गर्ग ने अपने घर का बेसमेंट जिम चलाने के लिए केयरटेकर को प्रॉफिट शेयरिंग पर दिया था। आरोप है कि आरोपी मुनाफे का हिस्सा देने के बजाय अब पूरे मकान पर कब्जा करना चाहते थे। इसी विवाद के चलते उन्होंने इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया। आरोपी परिवार के पुराने परिचित बताए जा रहे हैं।

मामले में लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने घर में घुसपैठ, मारपीट, गाली-गलौज और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। अब तक एक आरोपी पिंटू यादव को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी विकास यादव, शुभम यादव और ओमकार यादव फरार हैं। पीड़ित ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।