ग्रेटर नोएडा में ग्रो बैग से होगी सब्जी और फल की खेती, बागवानी विभाग शुरू करेगा पायलट प्रोजेक्ट
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (04/01/2026): शहरीकरण के चलते खेती योग्य भूमि लगातार सिमटती जा रही है, ऐसे में अब जिले में खेती का नया मॉडल अपनाने की तैयारी की जा रही है। गौतम बुद्ध नगर में बागवानी विभाग ग्रो बैग के माध्यम से फल और सब्जियों की खेती का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में इसे प्रदेश के अन्य शहरी जिलों में भी लागू किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में खेती की जमीन अब बहुमंजिला इमारतों, आवासीय सेक्टरों और व्यावसायिक परिसरों में तब्दील हो चुकी है। खेतों के सिमटने के कारण परंपरागत खेती करना अब शहर के लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। इसी को देखते हुए लोग वैकल्पिक और आधुनिक तकनीकों के जरिए खेती और बागवानी की ओर रुख कर रहे हैं। सेक्टरों और हाउसिंग सोसाइटियों में रहने वाले नागरिक, खासकर वे लोग जो घर पर ताजी और जैविक सब्जियां उगाना चाहते हैं, नई तकनीकों के बारे में जानकारी लेने के लिए लगातार बागवानी विभाग से संपर्क कर रहे हैं।
इसी मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ग्रो बैग के जरिए खेती को बढ़ावा देने का फैसला किया है। यह योजना गौतमबुद्ध नगर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू होगी। इसके तहत घरों की छतों, बालकनियों और खुले छोटे स्थानों पर किचन गार्डन विकसित किए जाएंगे। बागवानी विभाग की ओर से लोगों को ग्रो बैग, उपयुक्त मिट्टी, खाद और बीज उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे आसानी से अपने घर पर फल और सब्जियां उगा सकें।
ग्रो बैग विशेष रूप से पौधों की खेती के लिए तैयार किए जाते हैं। ये मजबूत कपड़े, जूट या मोटे प्लास्टिक से बने होते हैं, जो पौधों की जड़ों को हवा लेने की पूरी सुविधा देते हैं। इनमें नमी का स्तर संतुलित रहता है, जिससे पौधों की बढ़वार तेज और स्वस्थ होती है। ग्रो बैग का इस्तेमाल सीमित जगहों, जैसे छत, बालकनी या छोटे आंगन में आसानी से किया जा सकता है।
इस तकनीक से कम स्थान में भी भरपूर उत्पादन संभव है। पानी की खपत पारंपरिक खेती की तुलना में काफी कम होती है। खरपतवार की समस्या नहीं होने के कारण रखरखाव आसान रहता है और रसायनों की जरूरत भी कम पड़ती है। यही वजह है कि शहरी क्षेत्रों में यह खेती तेजी से लोकप्रिय हो रही है।बागवानी विभाग ने बताया कि इस पायलट प्रोजेक्ट की निगरानी के लिए एक समिति गठित की जा रही है। ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहरी सेक्टरों और सोसाइटियों में भी ग्रो बैग के जरिए फल और सब्जियां उगाने को प्रोत्साहित किया जाएगा।
बागवानी विभाग के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर में ग्रो बैग खेती को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह दिखाना है कि कम जगह में भी लोग ताजी और पौष्टिक सब्जियां उगा सकते हैं। अगर यह प्रयोग सफल रहा, तो इसे अन्य जिलों के शहरी इलाकों में भी लागू किया जाएगा। इस पहल से न सिर्फ शहरवासियों को ताजा और सुरक्षित सब्जियां मिलेंगी, बल्कि शहरी हरियाली बढ़ेगी और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।