दिल्ली विधानसभा में अटल बिहारी वाजपेयी और मदन मोहन मालवीय को रक्षा मंत्री ने किया नमन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (03 January 2026): शनिवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्रों का अनावरण किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहीं। कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसी कार्यक्रम के दौरान ‘भारत माता’ कॉफी टेबल बुक का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह सदन के लिए हर्ष और गौरव का दिन है। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय दोनों का जन्म 25 दिसंबर को हुआ था और 25 दिसंबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की भावनाओं को समझते हुए दोनों को भारत रत्न से सम्मानित किया। गुप्ता ने कहा कि आधुनिक भारत की आत्मा, दिशा और दृष्टि की कल्पना इन दोनों महान आत्माओं के बिना अधूरी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक अर्थवान बनाया है। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह केवल देश के रक्षा मंत्री ही नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति में शालीनता, मर्यादा और राष्ट्रनिष्ठा की परंपरा के प्रतिनिधि हैं। उनका दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक प्रांगण में आना इस आयोजन को प्रेरणादायी बनाता है।
महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के योगदान को याद करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि उन्होंने गुलामी के दौर में शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का बीड़ा उठाया। वर्ष 1916 में स्थापित काशी हिंदू विश्वविद्यालय आज भी एशिया का सबसे बड़ा आवासीय विश्वविद्यालय है और इसकी ख्याति विश्वभर में है। उन्होंने यह भी बताया कि महामना 1910 से 1930 तक केंद्रीय विधानसभा और इंपीरियल लेजिस्लेटिव काउंसिल के सदस्य रहे और उनके 440 भाषण आज भी इसी सदन में गूंजते हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वे लोकतंत्र की गरिमा, उदार विचारों और संवेदनशील राजनीति के प्रतीक थे। उन्होंने एक निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि अटल जी हमेशा गरीब, जरूरतमंद और शोषित वर्ग को प्राथमिकता देने की सीख देते थे। गुप्ता ने कहा कि यही परंपरा अटल जी की सरकार से लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार तक निरंतर जारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में व्यक्ति शब्दों के अलंकार से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से विभूषित होता है। उन्होंने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा केवल पत्थरों की इमारत नहीं, बल्कि वह स्थल है जहां भारत की लोकतांत्रिक चेतना ने आकार लिया। उन्होंने विट्ठलभाई पटेल, गोपाल कृष्ण गोखले, लाला लाजपत राय, सुरेंद्रनाथ बनर्जी और महामना मालवीय जैसे नेताओं का स्मरण करते हुए इस परिसर की ऐतिहासिक महत्ता को रेखांकित किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय का सम्मान केवल दो व्यक्तियों का सम्मान नहीं, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक परंपरा, नैतिक राजनीति और राष्ट्रवाद की भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने यह सिखाया कि राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का सर्वोच्च मंच है। उनके विचार, संवेदना और चरित्र आज भी देश को दिशा देने का काम कर रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।