AIRF महासचिव शिव गोपाल मिश्रा का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू: रेलवे सुधार और कर्मचारियों की हकीकत पर बेबाक राय

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (02 जनवरी 2026): ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन (All India Railway Federation) के महासचिव शिव गोपाल मिश्रा (Shiva Gopal Mishra) ने टेन न्यूज़ नेटवर्क से विशेष बातचीत में रेलवे कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। बातचीत की शुरुआत उन्होंने नए साल के अवसर पर देशभर के रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को ढेरों शुभकामनाएं देकर की। इसी क्रम में आगे उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में भी देश की सेवा की है और उनका योगदान अतुलनीय है। शिव गोपाल शर्मा ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनके अधिकारों और मांगों के लिए संगठन पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि संघर्ष के रास्ते से ही कर्मचारियों को उनका हक मिला है और आगे भी मिलता रहेगा। नए साल को उन्होंने रेलवे कर्मचारियों के लिए उम्मीद और भरोसे का साल बताया।

8वाँ वेतन आयोग एक बड़ी उपलब्धि: शिव गोपाल मिश्रा

आठवें वेतन आयोग को लेकर बात करते हुए शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि यह रेलवे और केंद्र सरकार के सभी कर्मचारियों की एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले दिनों जो संघर्ष किया गया, उसी के परिणामस्वरूप आठवां वेतन आयोग अस्तित्व में आया है। कर्मचारियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की चिंता न करें, क्योंकि एक बार वेतन आयोग का गठन हो जाने के बाद लाभ मिलना तय है। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे रेलवे कर्मचारी हों, केंद्र के अन्य कर्मचारी हों या राज्य कर्मचारी, सभी को इसका फायदा मिलेगा और बाद में शिक्षकों को भी इसका लाभ दिया जाएगा। संगठन का प्रयास रहेगा कि पुराने लंबित मुद्दों को भी वेतन आयोग के माध्यम से सुलझाया जाए।

कोरोना काल में कर्मचारियों के डीए पर रोक को लेकर क्या बोले

कोरोना काल के दौरान रोके गए डीए (महंगाई भत्ता) और अन्य फ्रीज किए गए भुगतान को लेकर उन्होंने सरकार के रुख पर विस्तार से बात की। शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी लगातार कैबिनेट सेक्रेटरी, फाइनेंस सेक्रेटरी और संबंधित अधिकारियों से बातचीत होती रही है। सरकार ने अभी तक इन मांगों को न तो खारिज किया है और न ही स्पष्ट रूप से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार जानती है कि डीए कर्मचारियों का अधिकार है और यह एफर्ट वेज का हिस्सा है, इसलिए इसे देना अनिवार्य है। संगठन के पास दो विकल्प हैं कोर्ट जाना या आर्बिट्रेशन का रास्ता अपनाना, और फिलहाल संगठन आर्बिट्रेशन के पक्ष में है।

रेलवे में सुधारों का श्रेय कर्मचारियों को

रेलवे में ट्रेनों की रफ्तार, आधुनिक तकनीक और बुनियादी ढांचे में हो रहे सुधारों पर शिव गोपाल मिश्रा ने कर्मचारियों की भूमिका को सबसे अहम बताया। उन्होंने कहा कि 140 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चलाने की क्षमता सिर्फ तकनीक से नहीं आती, बल्कि इसके पीछे तकनीकी कर्मचारियों, मेंटेनेंस स्टाफ, डिपो कर्मियों और लोको पायलटों की कड़ी मेहनत होती है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों का श्रेय उन कर्मचारियों को दिया जाना चाहिए, जो दिन-रात रेलवे की संपत्तियों और ट्रेनों की सुरक्षा और रखरखाव में लगे रहते हैं। मिश्रा ने कहा कि कर्मचारी ही रेलवे की असली ताकत हैं।

रेलवे पर सरकार का निवेश सराहनीय

सरकारी निवेश को लेकर बात करते हुए AIRF महासचिव ने केंद्र सरकार की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले रेलवे पर इतना बड़ा निवेश नहीं किया जाता था, जितना बीते कुछ वर्षों और खासकर इस साल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष रेलवे पर करीब 2 लाख 45 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों को इसी निवेश का नतीजा बताते हुए उन्होंने सरकार और शीर्ष नेतृत्व को इसके लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इससे रेलवे की छवि और सेवा दोनों में सुधार हुआ है।

रेलवे कर्मचारियों के हड़ताल का इतिहास

पिछले 10 से 15 वर्षों में रेलवे में हुए तकनीकी सुधारों और उसके कारण कर्मचारियों में संतोष को लेकर पूछे गए सवाल पर शिव गोपाल मिश्रा ने ऐतिहासिक संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों के लिए हड़ताल कभी शौक नहीं रही, बल्कि मजबूरी रही है। अब तक रेलवे में कुल तीन बड़ी हड़तालें हुई हैं—1960, 1968 और 1974 में। इन हड़तालों का खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ा और 1974 की हड़ताल में कई कर्मचारी शहीद भी हुए। इसके बाद रेलवे में एक नया वातावरण बना और संगठन ने अपने नियमों में बड़े बदलाव किए।

बतौर रेल मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का कार्यकाल

पूर्व रेल मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का जिक्र करते हुए शिव गोपाल मिश्रा ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री बनने से पहले जॉर्ज फर्नांडिस ने कर्मचारियों के साथ मिलकर हड़ताल की थी, लेकिन मंत्री बनने के बाद जब कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर उनके पास गए, तो उन्होंने खजाना खाली होने का बहाना बनाकर मांगें मानने से इनकार कर दिया। आगे उन्होंने कहा कि 1974 से पहले रेलवे में राजनीतिक नेतृत्व हावी था, जो कर्मचारियों के हित से ज्यादा सत्ता तक पहुंचने की सोच रखता था। इसी कारण संगठन ने तय किया कि अब नेतृत्व केवल रेलवे कर्मचारी या सेवानिवृत्त कर्मचारी ही करेंगे।

मधु दंडवते अब तक के सबसे शानदार रेल मंत्री

वर्तमान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पूर्व रेल मंत्रियों की तुलना करते हुए शिव गोपाल मिश्रा ने मधु दंडवते को सबसे शानदार रेल मंत्री बताया। उन्होंने कहा कि मधु दंडवते ने कोंकण रेलवे जैसी ऐतिहासिक परियोजना दी और उनमें किसी तरह का क्षेत्रवाद नहीं था। उन्होंने कमलापति त्रिपाठी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बनारस को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से रेल के माध्यम से जोड़ा, जो एक सराहनीय कार्य था। वहीं नीतीश कुमार के कार्यकाल की तारीफ करते हुए उन्होंने 18 हजार करोड़ रुपये के रेलवे सेफ्टी फंड को एक बड़ा और दूरदर्शी कदम बताया। कुल मिलाकर शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि जब नीति, निवेश और कर्मचारियों का सम्मान साथ चलता है, तभी रेलवे का वास्तविक विकास संभव है।

गौरतलब है कि ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन के महासचिव शिव गोपाल मिश्रा ग्रेटर नोएडा में फेडरेशन के सदस्य करतार भाटी के जन्मदिवस समारोह में शिरकत करने पहुंचे, इस दौरान उन्होंने करतार भाटी के विषय में कहा कि, “करतार भाटी में विशेष गुण है कि ये खिलाड़ी हैं और खिलाड़ी समर्पित होता है, इसीलिए इन्होंने यूनियन में भी जब काम किया तो इस समर्पण भाव के साथ काम किया और अपने साथियों की सेवा पूरी ईमानदारी और निष्ठा पूर्वक की। साथ ही उन्होंने करतार भाटी को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि हमारा संबंध अटूट है।।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।