रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नए साल के पहले दिन किया ऐलान, भारत को बुलेट ट्रेन कब तक मिलेगी?

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (01 January 2026): भारत में बुलेट ट्रेन का सपना अब साकार होने की ओर बढ़ चुका है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साफ संकेत दिए हैं कि देश को पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 को मिलने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि आज़ादी के 80वें वर्ष पर देशवासी बुलेट ट्रेन का टिकट खरीद सकेंगे और हाई-स्पीड रेल के नए युग की शुरुआत होगी। यह बयान देश की रेल कनेक्टिविटी को लेकर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को दर्शाता है।

रेल मंत्री ने कहा, “2027 में स्वतंत्रता दिवस पर बुलेट ट्रेन का टिकट खरीदें, देश को अपनी पहली बुलेट ट्रेन मिलेगी।” उन्होंने भरोसा जताया कि अगला वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक होगा, जब बुलेट ट्रेन पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी। वैष्णव ने यह भी स्पष्ट किया कि हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

वंदे भारत ट्रेनों को लेकर भी रेल मंत्री ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयर कार ने पूरे देश में एक नया आत्मविश्वास पैदा किया है और यात्रियों से इसे शानदार प्रतिक्रिया मिली है। अब लगभग हर सांसद अपने क्षेत्र से वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग कर रहा है। इसी कड़ी में उसी स्तर के आराम, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं के साथ वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की जाएगी, जिससे देश में ओवरनाइट यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा।

भारत का पहला बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट मुंबई-अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर तैयार किया जा रहा है। इसमें 352 किलोमीटर हिस्सा गुजरात और दादरा-नगर हवेली में जबकि 156 किलोमीटर हिस्सा महाराष्ट्र में है। यह कॉरिडोर अहमदाबाद, वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी, थाने और मुंबई जैसे बड़े शहरों को जोड़ेगा। इसके शुरू होने से दोनों महानगरों के बीच यात्रा का समय काफी कम होगा और अंतर-शहर आवाजाही को बड़ी गति मिलेगी।

राष्ट्रीय हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के अनुसार, इस परियोजना का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा यानी लगभग 465 किलोमीटर ऊंचे वायडक्ट्स पर बनाया जा रहा है, जिसमें से 326 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। 25 में से 17 नदी पुल तैयार हो चुके हैं और सूरत-बिलिमोरा का 47 किलोमीटर सेक्शन सबसे उन्नत हिस्सों में शामिल है। हालांकि कई स्टेशनों का स्ट्रक्चरल काम पूरा हो गया है, लेकिन इंटीरियर, सुविधाओं और फिनिशिंग का काम अभी जारी है, जिसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।