घने कोहरे से दिल्ली एयरपोर्ट पर हाहाकार, 148 फ्लाइट्स रद्द

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (31 December 2025): दिल्ली और उत्तर भारत में छाए घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के चलते बुधवार को कम से कम 148 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 150 से ज्यादा फ्लाइट्स अपने तय समय से देरी से संचालित हुईं। इसके अलावा दो उड़ानों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया।

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में 78 आगमन और 70 प्रस्थान शामिल हैं। डायल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि सुबह के समय दृश्यता में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ उड़ानें अब भी प्रभावित रह सकती हैं। एयरपोर्ट पर तैनात टीमें यात्रियों की मदद के लिए सभी टर्मिनलों पर मौजूद हैं।

गौरतलब है कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रोजाना करीब 1,300 उड़ानों का संचालन होता है। ऐसे में घने कोहरे का असर यात्रियों पर व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है। दिल्ली के साथ-साथ उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी कम दृश्यता के कारण हवाई यातायात की रफ्तार धीमी पड़ी हुई है।

इसी बीच देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि कोहरे के कारण कई हवाई अड्डों पर दृश्यता बेहद कम है, जिससे उड़ानों के आगमन और प्रस्थान सामान्य से धीमे हो गए हैं। इंडिगो ने कहा कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट ऑपरेशंस को क्रमबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है।

इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें और खराब मौसम व ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि हवाई अड्डों पर उसकी टीमें पूरी तरह तैयार हैं और यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।