New Delhi News (30 December 2025): दिल्ली में नव वर्ष के स्वागत को लेकर 31 दिसंबर की शाम से ही जश्न का माहौल रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के कनॉट प्लेस पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 31 दिसंबर की शाम सात बजे के बाद कनॉट प्लेस क्षेत्र में वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। बिना वैध पास के किसी भी वाहन को इनर, मिडिल और आउटर सर्कल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को कई तय प्वाइंट्स से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड–दीनदयाल उपाध्याय मार्ग क्रॉसिंग, चेम्सफोर्ड रोड, आरके आश्रम मार्ग, गोल मार्केट, जीपीओ, पटेल चौक, कस्तूरबा गांधी रोड, जय सिंह रोड और विंडसर प्लेस जैसे इलाकों से आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इससे इलाके में भीड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा।
कनॉट प्लेस आने वाले लोगों के लिए सीमित पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जो ‘पहले आओ–पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होगी। गोल डाकखाना के पास, काली बाड़ी मार्ग, पंडित पंत मार्ग, भाई वीर सिंह मार्ग, रकाबगंज रोड, कोपर्निकस मार्ग, मिंटो रोड, पंचकुइयां रोड, केजी मार्ग, विंडसर प्लेस, राजेंद्र प्रसाद रोड और रायसीना रोड सहित कई स्थानों पर पार्किंग चिन्हित की गई है। हालांकि पुलिस ने लोगों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल की सलाह दी है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। वाहन चालक अजमेरी गेट के दूसरे गेट से एंट्री ले सकते हैं। पहाड़गंज शीला सिनेमा मार्ग, जेएलएन मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग और दिल्ली गेट होते हुए स्टेशन तक पहुंचा जा सकता है। वहीं कनॉट प्लेस और चेम्सफोर्ड रोड की ओर से प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
उत्तर से दक्षिण की ओर जाने वाले वाहनों के लिए आईएसबीटी से आश्रम तक रिंग रोड, दिल्ली गेट–बहादुरशाह जफर मार्ग–मथुरा रोड और रानी झांसी रोड, पंचकुइयां रोड, मंदिर मार्ग जैसे वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं। वहीं पूर्व से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहन रिंग रोड, भैरों रोड, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग और मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड का उपयोग कर सकते हैं।
इंडिया गेट और सी-हेक्सागन क्षेत्र में भी भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए विशेष सख्ती बरती जाएगी। जरूरत पड़ने पर राजपथ, जनपथ, मथुरा रोड, फिरोजशाह रोड और मंडी हाउस की ओर यातायात डायवर्ट किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि इंडिया गेट आने के लिए निजी वाहन न लाएं, क्योंकि वहां पार्किंग की गंभीर समस्या रहेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे एडवाइजरी का पालन करें, समय से निकलें और संभव हो तो मेट्रो व अन्य सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। पुलिस का कहना है कि इन इंतजामों का उद्देश्य नव वर्ष के जश्न को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के नए साल का स्वागत कर आनंद ले सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।