सेक्टर-145 में कूड़ा निस्तारण को हरी झंडी, फरवरी 2026 से शुरू होगा काम | Noida Authority

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (27/12/2025): नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समीप सेक्टर-145 में लंबे समय से जमा कूड़े के विशाल ढेर को कम करने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने अहम कदम उठाया है। प्राधिकरण द्वारा कूड़ा निस्तारण के लिए नया टेंडर जारी किया गया है, जिसके तहत फरवरी 2026 से कचरा निवारण का कार्य शुरू होने की संभावना है। इस योजना के अंतर्गत प्रतिदिन लगभग 300 टन कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

प्राधिकरण की योजना के अनुसार चयनित एजेंसी को कंप्रेस्ड बायो-गैस (CBG) प्लांट स्थापित करना अनिवार्य होगा। यह कंपनी अगले 20 वर्षों तक प्लांट का संचालन करेगी और पुराने कचरे के साथ-साथ रोजाना शहर से आने वाले कूड़े का भी निस्तारण करेगी।

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह के अनुसार इच्छुक कंपनियां 8 जनवरी तक टेंडर प्रक्रिया में भाग ले सकती हैं। चयन के बाद एजेंसी को एक माह के भीतर प्लांट स्थापित करना होगा। यह प्लांट सेक्टर-145 अथवा अस्तौली क्षेत्र में लगाया जाएगा। प्लांट से कूड़े को प्रोसेस कर बायो-गैस और आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) तैयार किया जाएगा, जिससे ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ कचरे की मात्रा में भी कमी आएगी।

एक्सप्रेसवे से पुश्तों की ओर जाते समय सेक्टर-145 में लगभग सात लाख टन कूड़ा जमा हो चुका है। पूरे नोएडा शहर से एकत्र किया गया कचरा इसी स्थान पर डाला जाता है। हालांकि रोजाना कूड़ा यहां पहुंच रहा है, लेकिन पिछले कई महीनों से निस्तारण की प्रक्रिया ठप पड़ी है, जिससे दुर्गंध, प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार कूड़ा निवारण के लिए पूर्व में भी टेंडर आमंत्रित किए गए थे, लेकिन आवेदन करने वाली कंपनियां तय मानकों पर खरी नहीं उतर सकीं। इसी कारण पूरी प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया है, ताकि तकनीकी रूप से सक्षम और अनुभवी एजेंसी का चयन किया जा सके।

जनवरी माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। सबसे कम दर पर तकनीकी शर्तें पूरी करने वाली कंपनी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। चयनित एजेंसी को काम शुरू करने के लिए लगभग एक महीने का समय दिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी होती हैं, तो फरवरी 2026 से कूड़ा निस्तारण का कार्य धरातल पर शुरू हो जाएगा। इस परियोजना से न केवल सेक्टर-145 में जमा कचरे के पहाड़ को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी नोएडा को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।